कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में सोशल मीडिया एक बार फिर बड़े बदलावों का केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हालिया पोस्ट ने प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने सीधा हमला बोला और आरोप लगाया कि यह सब कुछ एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।

​भूंजा पार्टी और बीजेपी की साजिश का आरोप

​एजाज अहमद ने कड़े शब्दों में कहा कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है, बल्कि बीजेपी नेताओं और भूंजा पार्टी के लोगों ने मिलकर इस पूरी योजना को तैयार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्दे के पीछे लंबे समय से खिचड़ी पक रही थी, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। राजद का मानना है कि सत्ता के लालच में वैचारिक सिद्धांतों से समझौता किया गया है।

​समाजवादी विचारधारा के साथ धोखा

​राजद प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि बिहार हमेशा से समाजवादी विचारधारा की भूमि रहा है। उन्होंने कहा, आज जो कुछ भी बिहार में हो रहा है, वह समाजवादियों की सोच के बिल्कुल विपरीत है। उनके अनुसार, नीतीश कुमार पर बीजेपी की विचारधारा थोपी जा रही है, जो बिहार के मूल राजनीतिक चरित्र को नुकसान पहुंचा रही है।

​लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी

​एजाज अहमद ने चेतावनी दी कि बीजेपी जिस तरह से क्षेत्रीय दलों पर अपनी नीतियां थोप रही है, वह लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन बताते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।