पटना। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच 2.75 किमी लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर 15 मार्च के बाद मेट्रो का परिचालन शुरू होने की संभावना है। इस महत्वपूर्ण विस्तार के साथ ही शहर के यातायात को एक नई रफ़्तार मिलेगी।
CMRS की टीम करेगी फाइनल जांच
सुरक्षा मानकों को परखने के लिए 10 मार्च को कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम पटना पहुंचेगी। यह टीम नए एलिवेटेड ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण करेगी और मेट्रो चलाकर सुरक्षा ट्रायल लेगी। यदि जांच में कोई कमी पाई जाती है, तो उसे एक सप्ताह के भीतर दूर करना होगा। CMRS से हरी झंडी मिलने के बाद ही उद्घाटन की तारीख तय की जाएगी। बता दें कि 26 फरवरी को हुए ट्रायल के दौरान मिली कमियों को DMRC पहले ही दुरुस्त कर चुका है।
इन चार स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा
वर्तमान में पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ के बीच (3.45 किमी) मेट्रो चल रही है। नए खंड के चालू होने के बाद यात्री अब मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरोमाइल और पाटलिपुत्र बस टर्मिनल जैसे चार प्रमुख स्टेशनों पर चढ़ने और उतरने की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। हालांकि, खेमनीचक में एक्सचेंज स्टेशन का निर्माण कार्य जारी होने के कारण वहां फिलहाल ट्रेनें नहीं रुकेंगी।
आगामी विस्तार और टनल निर्माण
पटना मेट्रो के कॉरिडोर-2 के तहत मोइनुल हक स्टेडियम से पटना जंक्शन तक 6 किमी लंबी टनल का काम अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य है। रेलवे से एनओसी मिलने के बाद राजेंद्रनगर टर्मिनल के नीचे टनल की खुदाई अप्रैल से शुरू होगी। साथ ही खेमनीचक से मीठापुर के बीच बिजली पोल और ट्रैक बिछाने का काम भी युद्ध स्तर पर चल रहा है। 31.9 किमी लंबे इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 13,365 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

