अमेरिका में सैकड़ों बच्चों का यौन शोषण करने वाला बांग्लादेशी नागरिक अब FBI के हत्थे चढ़ गया है. अमेरिकी जांच एजेंसी ने आरोपी शख्स को मलेशिया से धर दबोचा है. अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सेक्सटॉर्शन मामले में बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर अमेरिका लाया गया है. उस पर दुनिया भर में सैकड़ों नाबालिगों का यौन शोषण करने का आरोप है. बांग्लादेशी नागरिक पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी बनाने और फैलाने की साजिश, साइबर स्टॉकिंग, पहचान चोरी और वायर फ्रॉड समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. अगर अदालत में दोष साबित हो जाता है तो उसे 20 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है.

बांग्लादेशी नागरिक को मलेशिया से अलास्का प्रत्यर्पित किया गया है. उस पर सोशल मीडिया के जरिए सैकड़ों किशोरियों का यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग करने का आरोप है. आरोपी फर्जी पहचान बनाकर नाबालिगों को फंसाता था.

एफबीआई (FBI) ने एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय कामयाबी हासिल करते हुए 28 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक जोबैदुल अमीन को मलेशिया से गिरफ्तार कर अलास्का पहुंचा दिया है. 

अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, जोबैदुल अमीन मलेशिया में रहकर चिकित्सा (Medicine) की पढ़ाई कर रहा था. वहीं से उसने सोशल मीडिया पर अपनी फर्जी पहचान बनाई. वह अक्सर खुद को एक किशोर के रूप में पेश करता था ताकि अमेरिकी किशोरियों का भरोसा जीत सके. एक बार संपर्क होने के बाद, वह चालाकी से उन्हें अपनी आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने के लिए मजबूर करता था.

जैसे ही कोई पीड़ित तस्वीर भेज देती, अमीन का असली चेहरा सामने आ जाता. वह उन तस्वीरों का उपयोग करके पीड़ितों को और अधिक फोटो भेजने के लिए ब्लैकमेल करता था. वह धमकी देता था कि यदि उसकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वह उन तस्वीरों को उनके परिवार, दोस्तों और सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बीच साझा कर देगा.

मलेशिया में बैठे अमीन को लगता था कि अमेरिकी कानून उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता. उसने एक पीड़िता से यहां तक कहा था कि “पुलिस मेरा कुछ नहीं कर सकती क्योंकि मैं तुम्हारे आसपास नहीं रहता.” हालांकि, 2022 में अलास्का की एक 14 वर्षीय लड़की की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच ने उसकी इस गलतफहमी को दूर कर दी. 

एफबीआई निदेशक काश पटेल ने इस मामले पर कड़ा संदेश देते हुए कहा कि बच्चों का शोषण करने वाला अपराधी दुनिया के किसी भी कोने में हो, हमारी प्रतिबद्धता उसे ढूंढ निकालने की है.

उसने सैकड़ों पीड़ितों के वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट पर साझा कीं और अन्य अपराधियों को भी ऐसा करने के लिए उकसाया. इस घृणित चक्र को रोकने के लिए उसने पीड़ितों के सामने एक और भयानक शर्त रखी थीकि वे उसे नई शिकार (पीड़ित) ढूंढ कर दें. अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के अनुसार, अमीन केवल ब्लैकमेल ही नहीं करता था, बल्कि वह अपनी इस क्रूरता का आनंद लेता था.  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m