पटना। राजधानी के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत किशुनपुर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के प्रसिद्ध और लगभग 50 साल पुराने देवी स्थान मंदिर में श्रद्धा के बहाने घुसी एक महिला ने मां दुर्गा के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता से आरोपी महिला को पकड़ लिया गया है, हालांकि चोरी गया सामान अब तक बरामद नहीं हो सका है।
पूजा के बहाने दिया घटना को अंजाम
स्थानीय ग्रामीण रणजीत सिंह के अनुसार, यह घटना 18 फरवरी की है। उस दिन मंदिर में भक्तों की भीड़ थी। भीड़ का फायदा उठाकर मनेर के गयासपुर की रहने वाली महिला मंदिर में दाखिल हुई। उसने बड़ी चालाकी से सबसे पहले मां दुर्गा की दो सोने की आंखें निकालीं और फिर वहां रखे अन्य जेवरात समेट कर रफूचक्कर हो गई।
ग्रामीणों ने पकड़ा
चोरी की भनक लगते ही ग्रामीणों ने छानबीन शुरू की। हुलिए के आधार पर जब ग्रामीणों ने संदिग्ध महिला को दोबारा गांव में देखा, तो उसे तुरंत दबोच लिया। महिला के पकड़े जाने पर मौके पर काफी हंगामा हुआ और भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उग्र भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई।
ज्वेलरी शॉप में बेचा सामान
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि चोरी किए गए आभूषण उसने एक स्थानीय ज्वेलरी शॉप में बेच दिए हैं। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि महिला से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि उस दुकानदार का पता लगाया जा सके जिसने चोरी का सामान खरीदा है।
भय के कारण मंदिर में अब लगने लगा ताला
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख है। रणजीत सिंह ने बताया कि यह मंदिर आधा दशक से भी पुराना है और पूरे गांव की आस्था का केंद्र है। पहले यहां ताला नहीं लगता था, लेकिन इस दुस्साहसिक चोरी के बाद अब ग्रामीणों को मंदिर की सुरक्षा के लिए मजबूरन ताला लगाना पड़ रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

