Bihar Top News Today 10 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 10 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
शत्रुघ्न सिन्हा का मोदी पर हमला
पटना। शत्रुघ्न सिन्हा के तीखे तेवर हमेशा से सुर्खियों में रहते हैं। पटना पहुंचे टीएमसी सांसद ने एक बार फिर अपनी खामोश शैली में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। शत्रुघ्न सिन्हा ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में SAR के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे अपारदर्शी प्रक्रिया बताते हुए कहा कि यह आम नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। सिन्हा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के संघर्ष का समर्थन करते हुए कहा कि वह सड़क से अदालत तक जनता के हक की लड़ाई लड़ रही हैं।
युवक की बेरहमी से पिटाई
किशनगंज। शहर के व्यस्त अस्पताल रोड पर मंगलवार को साइकिल चोरी के आरोप में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से युवक की जान बच गई, जिसका फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल रोड इलाके में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में एक साइकिल को ले जाने का प्रयास कर रहा था। वहां मौजूद लोगों ने उसे संदिग्ध गतिविधि करते देख रंगे हाथों पकड़ लिया। जैसे ही युवक के पकड़े जाने की खबर फैली, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने कानून हाथ में लेते हुए युवक को पीटना शुरू कर दिया।
भाई वीरेंद्र ने बढ़ाई NDA की मुश्किलें
राज्यसभा चुनाव को लेकर आज मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर महागठबंधन विधायकों की अहम बैठक हुई। बैठक में राजद उम्मीदवार अजय धारी सिंह को चुनाव जीताने को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि, बैठक बहुत ही सकारात्मक रही है। राज्यसभा चुनाव को लेकर हम लोग पूरी तरह निश्चिंत हैं। सब लोगों से बातचीत चल रही है… हमारे पास संख्या है, तभी तो चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं, RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने RJD नेता तेजस्वी यादव के साथ बैठक पर कहा कि, मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि हमारी पार्टी, हमारा दल, हमारा महागठबंधन जीतेगा और हम 41 वोट नहीं और भी ज्यादा वोट लाएंगे। हमें पूरा समर्थन मिल रहा है और पूरे विश्वास के साथ मैं कह रहा हूं।
सहारा इंडिया को झटका
मुजफ्फरपुर। जिले के जिला उपभोक्ता आयोग ने सहारा इंडिया के खिलाफ एक बड़ा फैसला सुनाते हुए निवेशक को 14,37,000 भुगतान करने का आदेश दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया गया, तो कंपनी को अतिरिक्त ब्याज भी भरना होगा। लहलादपुर निवासी गौरीशंकर सिंह ने साल 2010 में सहारा इंडिया की पंकज मार्केट शाखा में 8 लाख रुपए का निवेश किया था। अनुबंध के अनुसार, उन्हें हर महीने 7,000 ब्याज मिलना था। हालांकि, कंपनी के कर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने कागजी हेराफेरी कर ब्याज की राशि को करजा शाखा में स्थानांतरित कर दिया, जिससे निवेशक को लाभ नहीं मिला। 2020 में मैच्योरिटी पूरी होने के बाद भी जब पैसा नहीं लौटाया गया, तब मामला आयोग पहुंचा।
तेजस्वी की मटन पार्टी में सियासी दांव
पटना। बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए होने वाले चुनाव ने राज्य की सियासत में हलचल तेज कर दी है। संख्या बल के आधार पर NDA अपनी 4 सीटों पर जीत तय मान रहा है, लेकिन 5वीं सीट के लिए विपक्ष (महागठबंधन) ने अपना उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। इसी रणनीति को धार देने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को अपने आवास पर महागठबंधन के विधायकों के लिए एक बैठक सह ‘मटन पार्टी’ का आयोजन किया।
अफवाह से गैस एजेंसी पर लूट
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली इलाके में मंगलवार को अचानक गैस खत्म होने की अफवाह ने प्रशासन और आम जनता के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। देखते ही देखते स्थानीय गैस एजेंसी पर सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग अपने दैनिक कार्यों को छोड़, खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े हो गए ताकि भविष्य की किसी भी संभावित किल्लत से बच सकें।
हड़कंप का मुख्य कारण सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैली वह अफवाह थी, जिसमें दावा किया गया कि ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस की आपूर्ति बाधित होने वाली है। अफवाह यह थी कि युद्ध की वजह से अब भारत में गैस का आयात नहीं होगा और आने वाले दिनों में सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा। इस गलत जानकारी ने लोगों में डर पैदा कर दिया और वे जल्द से जल्द स्टॉक जमा करने की होड़ में लग गए।
प्राचीन देवी मंदिर में चोरी
पटना। राजधानी के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत किशुनपुर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के प्रसिद्ध और लगभग 50 साल पुराने देवी स्थान मंदिर में श्रद्धा के बहाने घुसी एक महिला ने मां दुर्गा के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता से आरोपी महिला को पकड़ लिया गया है, हालांकि चोरी गया सामान अब तक बरामद नहीं हो सका है।
मुकेश सहनी ने एसएसपी दफ्तर घेरा
मुजफ्फरपुर। जिले में 17 फरवरी को हुए पुलिस एनकाउंटर ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। हाथों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कर रहे सहनी ने साफ तौर पर इसे एक ‘फर्जी एनकाउंटर’ करार दिया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ठेकेदार की निर्मम हत्या
दरभंगा। जिले में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मुजफ्फरपुर के एक ठेकेदार की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना अंतर्गत वजीला गांव निवासी मुनटुन सिंह के रूप में हुई है। मुनटुन सिंह दरभंगा में ठेकेदारी का काम करते थे और इसी सिलसिले में वहां रह रहे थे।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के ढाका बाजार स्थित गांधी चौक के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते घर की खिड़कियों से काले धुएं का गुबार निकलने लगा, जिसे देख स्थानीय लोग सहम गए। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि इस तीन मंजिला इमारत में दो बड़े गोदाम स्थित थे। इन गोदामों में ईद के मद्देनजर भारी मात्रा में सेवई, ड्राई फ्रूट्स और हार्डवेयर का सामान भंडारित किया गया था। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखे कीमती सामान को बचाने का मौका तक नहीं मिला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में लगभग 25 से 30 लाख रुपये की संपत्ति जलकर पूरी तरह राख हो गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

