पटना। जदयू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें निशांत कुमार को बिहार के विकास और युवाओं की नई उम्मीद के रूप में पेश किया गया है। गाने की शुरुआत जय बिहार-जय बिहार के उद्घोष से होती है। इसके बोल हैं: निशांत ले आए हैं अब नई बहार, युवाओं के सपनों का नया आधार। वीडियो में बिहार के सुंदर दृश्यों और सरकार की विकास योजनाओं के साथ निशांत की मौजूदगी को प्रमुखता से दिखाया गया है।

​वशिष्ठ नारायण सिंह का लिया आशीर्वाद

​राजनीतिक सक्रियता के संकेतों के बीच, निशांत कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और नीतीश कुमार के पुराने साथी वशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात की। निशांत ने भावुक होते हुए कहा, वशिष्ठ अंकल ने मुझे बचपन में खिलाया है, वे पापा के घनिष्ठ मित्र हैं। जब उनसे भावी यात्रा के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने रहस्य बरकरार रखते हुए सिर्फ इतना कहा, जल्द बताएंगे।

​राजधानी में स्वागत और होर्डिंग की राजनीति

​निशांत के समर्थन में पटना की सड़कों पर भी उत्साह दिखने लगा है। कोतवाली थाने के पास सोना सिंह द्वारा एक विशाल होर्डिंग लगाई गई है, जिस पर ‘लख-लख बधाइयां’ लिखकर उनका स्वागत किया गया है। यह होर्डिंग और गाना इशारा कर रहे हैं कि जदयू अब निशांत को एक सक्रिय चेहरे के रूप में स्थापित करने की तैयारी में है।