दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बुधवार को जानकारी दी कि राजस्थान में हुई 70 लाख रुपए मूल्य की गहनों की चोरी के सिलसिले में ‘छेनू गैंग’ के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे। उनकी पहचान हुई राशिद उर्फ सोनू (35)  हिस्ट्रीशीटर, जिसके खिलाफ पहले से 21 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फहीम उर्फ डैनी (30) पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को एक अस्पताल के पास पकड़ा गया, जब वे नए शिकार की तलाश में घूम रहे थे।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की यह कार्रवाई खुफिया सूचना मिलने के आधार पर की गई। 5 मार्च को पुलिस की टीम को खबर मिली कि एक अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य, जो हाल ही में छेनू गैंग में शामिल हुआ है, इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों राशिद उर्फ सोनू (35) और फहीम उर्फ डैनी (30) को धर दबोचा। पुलिस ने बरामद किए गए सामान की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के पास से दो बंदूकें, पाँच जिंदा कारतूस, एक कार जब्त की गई है।

खुफिया सूचना के बाद धर दबोचा

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना मिलने के बाद, पुलिस की टीम ने 5 और 6 मार्च की दरमियानी रात को गुरु गोबिंद सिंह हॉस्पिटल के पास जाल बिछाया। इस दौरान वहां आई एक कार, जिसमें दो लोग सवार थे, को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही कार में बैठे लोगों ने भागने की कोशिश की। थोड़ी हाथापाई के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।

दोनों के पास से 1-1 पिस्तौल बरामद

दिल्ली पुलिस ने बताया कि ‘छेनू गैंग’ के दो गिरफ्तार आरोपियों ने शुरुआत में जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने सच उगल दिया। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी में हथियार रखे हुए थे। वे इलाके में नए शिकार की तलाश में घूम रहे थे ताकि कोई वारदात अंजाम दे सकें। पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें राशिद के पास चार जिंदा कारतूस वाली एक पिस्तौल, फहीम के पास एक जिंदा कारतूस वाली देसी पिस्तौल बरामद हुआ।

राजस्थान में हुई वारदात के मामले में थी तलाश

दिल्ली पुलिस ने बताया कि पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि राशिद जयपुर के विधायक पुरी थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी का मुख्य आरोपी है। इस साल की शुरुआत में वहाँ से करीब 70 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हुई थी। राशिद इस मामले में वांटेड था। पुलिस ने बताया कि गैंग के दो सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है. इस गैंग के और कौन से सदस्य सक्रिय हैं। लूटा गया माल कहां ठिकाने लगाया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m