हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में अवैध बेसमेंट के नाम पर चल रही कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है। हवा बंगला जोन में एक भवन का बेसमेंट सील करने की कार्रवाई के बाद नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगे हैं। भवन मालिक ने दावा किया है कि बिना नोटिस सीधे सील की कार्रवाई की गई, जबकि इससे पहले एक एजेंट के जरिए लाखों रुपये की डील की बात की गई थी। पूरे मामले की रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद निगम की कार्रवाई पर संदेह खड़ा हो गया है।
टीम पहुंची और दुकान सील कर दी
मामला जोन-14 हवा बंगला क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक भवन के बेसमेंट में दुकान संचालित हो रही थी। भवन मालिक का आरोप है कि सबसे पहले भवन अधिकारी की ओर से फोन कर कहा गया कि बेसमेंट में दुकान चलाना नियम के खिलाफ है और कार्रवाई होगी। लेकिन कोई लिखित नोटिस दिए बिना ही दूसरे दिन टीम पहुंची और दुकान सील कर दी गई।
दो लाख रुपये की मांग की गई
भवन मालिक का कहना है कि कार्रवाई से पहले एक व्यक्ति ने खुद को अधिकारियों से जुड़ा बताते हुए संपर्क किया और कहा कि मामला सेट हो सकता है। बातचीत में पहले दो लाख रुपये की मांग की गई, फिर 50 हजार में काम कराने की बात कही गई और आखिर में 35 हजार रुपये देने का प्रस्ताव रखा गया। भवन मालिक ने इस पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है, जो अब शिकायत के साथ पार्षद और अधिकारियों तक पहुंच चुकी है।
कार्रवाई पर पक्षपात और वसूली के आरोप
आरोप यह भी है कि इलाके में कई जगह बेसमेंट में दुकानें चल रही हैं, लेकिन कार्रवाई चुनिंदा जगह पर ही की जा रही है। भवन मालिक का कहना है कि उनके यहां बिना नोटिस सील कर दिया गया, जबकि सामने की दुकानों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे निगम की कार्रवाई पर पक्षपात और वसूली के आरोप लग रहे हैं।
जिम्मेदारों पर कार्रवाई होना तय
क्षेत्रीय पार्षद ने भी मामला संज्ञान में आने की बात कही है। उनका कहना है कि शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं और अगर बिना नोटिस कार्रवाई या पैसों की मांग की बात सही पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होना तय है। निगम अधिकारियों का कहना है कि नियम विरुद्ध बेसमेंट उपयोग पर पहले भी कार्रवाई होती रही है और जहां भी शिकायत मिलेगी वहां कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि अगर किसी ने पैसे मांगने या सेटिंग की बात की है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
निगम की कार्रवाई पर बड़ा सवाल
फिलहाल रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद नगर निगम की कार्रवाई पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शहर में यह चर्चा तेज है कि बेसमेंट सीलिंग की आड़ में कहीं वसूली का खेल तो नहीं चल रहा। अब देखना होगा कि निगम इस मामले में जांच कर सच्चाई सामने लाता है या मामला भी बाकी शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

