वाराणसी. रसोई गैस की किल्लत जैसी परिस्थितियों के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है. जहां नाले से गैस निकालकर चाय बनाने जा रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज किया है. दरअसल, एनएसयूआई के छात्रों ने सोमवार को अनोखा प्रदर्शन किया. काशी विद्यापीठ गेट नंबर-1 के पास छात्रों ने नाले पर टेबल और गैस चूल्हा रखकर पाइप के जरिए नाले से गैस निकालकर चाय बनाने की कोशिश की.

मामले की सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और चूल्हा, सिलेंडर समेत अन्य सामान जब्त कर लिया. पुलिस ने यातायात बाधित करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 6 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. जबकि दो छात्रों का चालान भी किया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

इसे भी पढ़ें : बुकिंग के बिना नहीं मिलेगा सिलेंडर : गैस वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, टोकन सिस्टम से मिलेगी गैस, वृद्ध और विधवा के लिए होम डिलीवरी की सुविधा

बता दें कि वर्तमान हालातों को देखते हुए शासन-प्रशसान अपने स्तर पर व्यवस्थाएं बनाने में लगा हुआ है. रविवार को कुशीनगर में इस संबंध में बैठक हुई. घरेलू एलपीजी गैस वितरण को लेकर लगातार बढ़ रही भीड़ और अव्यवस्था के बीच प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए गैस एजेंसियों को टोकन सिस्टम लागू कर गैस वितरण सुनिश्चित करने को कहा है. ताकि वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके और अनावश्यक भीड़ पर रोक लगाई जा सके. हाल के दिनों में गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं.

बैठक में निर्णय लिया गया कि गैस एजेंसियां अपने गोदाम पर उपलब्ध सिलेंडरों की संख्या के अनुसार बुकिंग की तिथि तक के उपभोक्ताओं को टोकन जारी कर वितरण करेंगी. इसकी जानकारी सूचना पट्ट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करेंगी. प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से अनावश्यक भीड़ कम होगी और वास्तविक उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी. साथ ही अशक्त, विधवा और वृद्ध उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस रिफिल उपलब्ध कराई जाएगी. प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है, ताकि जिले में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित हो सके.