उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने 4 मार्च को होली के दिन अहियापुर थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी मामले में मुख्य आरोपी जीतन राय को गिरफ्तार कर लिया है। जितन राय शातिर किस्म का बदमाश है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पहले से कई गंभीर मामले में दर्ज है। बता दें कि पुलिस ने इस मामले में पहले ही 3 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह चौथी गिरफ्तारी है।

होली के दिन दो गुटों में हुई थी झड़प

दरअसल होली के दिन अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर में आपसी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान हुई गोलीबारी की घटना में आयुष कुमार नाम के एक युवक को गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान पुलिस की पूछताछ में उसने आरोपियों की पहचान बताई थी, जिसके बाधार पर पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिनका नाम राजा कुमार, संजय साहनी और सत्यनारायण सहनी है।

घटना के बाद से फरार था जीतन

वहीं, मुख्य आरोपी जीतन राय घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान उसके ठिकाने का पता चलते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर उसे जेल भेजने की तैयारी में है।

3 आरोपी अभी भी फरार

नगर डीएसपी-2 बिनीता सिन्हा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस गोलीबारी कांड में कुल सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद अब तक जीतन राय सहित चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। तीन अन्य आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम छापेमारी कर रही है।

कुख्यात अपराधी है जीतन राय- डीएसपी

डीएसपी ने बताया कि, गिरफ्तार जीतन राय एक कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ अहियापुर, कांटी और सदर थाना क्षेत्र में करीब आधा दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं। वह सदर थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी मुथूट ‘गोल्ड लूट’ की घटना में भी मुख्य आरोपी था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

ये भी पढ़ें- भागलपुर: अदानी पावर प्लांट परियोजना को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, पुनर्वास-कब्रिस्तान की मांग, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी