कुंदन कुमार, पटना। बिहार राज्यसभा चुनाव में सभी पांचों सीट पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत के बाद प्रेदश का सियासी माहौल गर्म है। महागठबंधन के 4 विधायक वोट देने के लिए विधानसभा नहीं पहुंचे, जिसका नतीजा यह हुआ की राजद उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में अब कहा जा रहा है कि वोट नहीं देने वाले विधायकों के खिलाफ पार्टी कड़ा एक्शन ले सकती है। लेकिन इस बीच जदयू के मुख्य प्रवक्ता सह विधानसभा पार्षद नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव को बड़ा चैलेंजे दे दिया है।

तेजस्वी यादव को दिया चैलेंज

दरअसल जिन विधायकों ने वोट नहीं किया था, उसमें राजद के एक फैसल रहमान हैं। वहीं, कांग्रेस के तीन विधायकों ने वोट नहीं दिया। जिसपर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि, अगर हिम्मत है, तो तेजस्वी यादव अपने विधायक फैसल रहमान को पार्टी से निकालें। अगर निकलेंगे तो उनके नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी भी चली जाएगी। तेजस्वी यादव को यह मेरा चैलेंज है।

ढाका से विधायक हैं फैसल रहमान

बता दें कि फैसल रहमान पूर्वी चंपारण जिले के ढाका विधानसभा क्षेत्र से राजद के विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव में वोट नहीं देने के पीछे उन्होंने अपनी मां की तबीयत खराब होने का हवाला दिया है। उनका कहना है कि उनके मां की तबीयत खराब थी और वे उनके इलाज के लिए दिल्ली में थे। इसलिए वह वोट देने के लिए विधानसभा नहीं पहुंच पाए।

पार्टी में टूट का खतरा नहीं- नीरज कुमार

वहीं, नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री का पद छोड़ने और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहने से क्या पार्टी में टूट का खतरा है? इस सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि, कुछ नहीं…नीतीश कुमार हैं, तो टूट का खतरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि, नीतीश कुमार संगठन के तौर पर पार्टी को चलाएंगे और बिहार को भी चलाएंगे। यही नीतीश कुमार का प्रण है।

सम्राट को सीएम बनाने पर कही ये बात

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा लगातार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जनता के सामने आने वाले मुख्यमंत्री के तौर पर पेश किए जाने के सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि, निश्चित तौर पर यह बात देखा जा रहा है कि नीतीश कुमार उन्हें (सम्राट चौधरी) जनता के सामने आशीर्वाद दे रहे हैं, तो कहीं ना कहीं उनके प्रति उनका स्नेह दिखाई दे रहा है। लेकिन आगे क्या होगा? मुख्यमंत्री कौन बनेगा? यह तो बैठक के बाद ही पता चल पाएगा।

राजद परिवार पर साधा निशाना

साथ ही उन्होंने राजद पर तंज कसते हुए कहा कि, निशांत कुमार ने हालही में पार्टी ज्वाइन किया है। दोनों पिता-पुत्र जब मिलते हैं तो निशांत अपने पिता को नमस्कार करते हैं, बदले में नीतीश जी भी उनके सम्मान का जवाब दे रहे हैं। यह भी एक संस्कार है। वहीं, दूसरी तरफ बेटा (तेजस्वी) कोलकाता है और पिता महुआबाग में घर बनवा रहा है। यही अंतर है। निशांत का कहना है कि, हमारी मां ने हमें संस्कार दिया है। पिता के नाम से गौरव होता है। उधर है कि मां-पिता ने जो गलती किया है, उसे माफ कर दीजिए।

ये भी पढ़ें- जमुई-नवादा के लिए ऐतिहासिक दिन आज, समृद्धि यात्रा के तहत अरबों की सौगात देंगे मुख्यमंत्री नीतीश