कोटा। लेह, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर घूम कर लौट रहे दोस्तों की तेज रफ्तार एसयूवी दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर बालापुर क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई. आज बुधवार की सुबह 11 बजे हुए भीषण हादसे में तेज रफ्तार एसयूवी कार डिवाइडर तोड़ते हुए नाले में जा गिरी. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार तीन दोस्तों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई. मामला कैथुन थाना क्षेत्र का है.

कैथुन थाने से मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले युवकों का 10 सदस्यीय ग्रुप 26 फरवरी को लेह–लद्दाख और कश्मीर के टूर पर निकला था. सभी दोस्त तीन अलग-अलग कारों में सवार थे. टूर खत्म होने के बाद सभी दोस्तों वापस लौट रहे थे.

तीनों कार अलग-अलग आगे पीछे चल रही थी. सबसे आगे चल रही कार आज बुधवार की सुबह 11 बजे बालापुरा से पांच किलोमीटर की दूरी पर थुमडा के पास तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित हो गई और वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा. कार डिवाइडर को तोड़ते हुए तीस फीट नीचे खाई में गिरी.

हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख–पुकार मच गई. हादसे के बाद पीछे चल रही दोस्तों की दो अन्य का भी मौके पर पहुंच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस की सूचना दी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया गया.

कैथुन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में एसयूवी सवार तीन दोस्तों कुणाल (25), मयुरेवा (25) और सिद्धांत (21) की मौत हो गई. तीनों पुणे के रहने वाले थे. शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने मर्च्यूरी में रखवा दिया है. हादसे का प्रारंभिक कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है.