कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। जहां पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सायबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन जालसाजों ने एक महिला को प्रतिदिन 5 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर करीब 2 करोड़ 27 लाख रुपये की ठगी की थी।

READ MORE: शाजापुर जेल से फरार कैदी छत्तीसगढ़ के बालोद से पकड़ायाः ससुराल में छिपा था, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से दो को हरियाणा के पानीपत से और एक मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से पकड़ा गया है। नागपुर से गिरफ्तार आरोपी अभिषेक विश्वकर्मा शातिर साइबर अपराधी है, जिस पर पहले से ही धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वह पहले से ही नागपुर जेल में बंद था, जिसे जबलपुर पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। 

READ MORE: सड़क पर फैला काला तेलः आधा दर्जन से अधिक बाइक सवार चोटिल, बचाने आये लोग भी स्लिप होकर गिरे

जबलपुर में साइबर क्राइम का यह अब तक का सबसे बड़ा मामला सामने आया है। मई 2025 में एक महिला ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे शेयर मार्केट में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये ठग लिए गए हैं। आरोपियों ने धोखाधड़ी के लिए फर्जी कंपनियां बनाई थीं। आरोपियों द्वारा ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए कई करंट अकाउंट और जॉइंट अकाउंट्स का इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरोह ने देश के अन्य हिस्सों में भी कई लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m