नवादा। जिले में शुक्रवार की सुबह एनएच-20 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। रजौली थाना क्षेत्र के हदहदवा पुल के समीप डस्ट (पत्थर का चूर्ण) से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
तेज रफ्तार बना हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 7:15 बजे की है। ट्रक झारखंड के कोडरमा से डस्ट लेकर नवादा की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक हदहदवा पुल के पास पहुंचा, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया।
डायल 112 की तत्परता से बची जान
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 की टीम को दी। सूचना मिलते ही एसआई दिलीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को ट्रक से बाहर निकाला। पुलिस ने बिना समय गंवाए घायल को इलाज के लिए रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार ने बताया कि घायल चालक की पहचान पंजाब के हरौअकेकला निवासी 50 वर्षीय गुरुशेख सिंह के रूप में हुई है। डॉक्टर के अनुसार, चालक बेहोशी की हालत में था और उसके चेहरे व मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के दौरान उसके होंठों पर टांके लगाए गए हैं। हालांकि, अंदरूनी चोट की आशंका और सीटी स्कैन की आवश्यकता को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
रजौली थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। ट्रक मालिक को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद ट्रक मालिक स्वयं नवादा पहुंचकर चालक को बेहतर इलाज के लिए ले गए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की छानबीन जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

