Bihar Crime: बिहार के खगड़िया में आज मंगलवार (24 मार्च) की सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना मानसी थाना क्षेत्र की है। मृतक युवक की पहचान मानसी नगर पंचायत के पंचवटी टोला स्थित अरैया गांव निवासी संजीव कुमार (15) के रूप में हुई है।

कही थी जीने की इच्छा खत्म होने की बात

आशंका जताई जा रही है कि प्रेम-प्रंसग में युवक ने खुदकुशी की है। दरअसल घटना से पहले मृतक संजीव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने प्रेम में असफल होने पर जीने की इच्छा खत्म होने की बात कही थी। इसके बाद संदिग्ध हालत में आज रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में शव मिला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुट गई की किन परिस्तिथियों में युवक की मौत हुई।

मां ने पड़ोसियों पर लगाया हत्या का आरोप

हालांकि इस बीच मृतक युवक की मां ने आत्महत्या की खबरों को इंकार करते हुए यह आरोप लगाया है कि उसके बेटे की हत्या की गई है। मृतक की मां ने बताया कि, कुछ दिन पहले उसके बेटे का पड़ोसियों से विवाद हुआ था। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि इसी विवाद में उनके बेटे की हत्या कर आरोपियों ने उसके शव को रेलवे पटरी पर फेंक दिया।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना के संबंध में मानसी थाना पुलिस ने बताया कि, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, गुदरी रोड पर जमकर चले ईंट-पत्थर, महिलाओं से बदसलूकी के आरोप में 11 पर FIR, 4 गिरफ्तार