कुंदन कुमार/ पटना। मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह, दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में चार महीने जेल में बिताने के बाद बाहर आ चुके हैं। सोमवार को जेल से रिहा होने के बाद मंगलवार को उनका भव्य स्वागत और शक्ति प्रदर्शन चर्चा का विषय बना रहा। हजारों समर्थकों के हुजूम और सैकड़ों खिलाड़ियों के काफिले के बीच अनंत सिंह पटना स्थित अपने आवास से बड़हिया देवी स्थान और मोकामा ब्रह्म स्थान पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इस दौरान हुई आतिशबाजी और जुलूस पर बिहार की राजनीति गरमा गई है।
दिलीप जायसवाल का पलटवार
अनंत सिंह के इस भव्य जुलूस पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने तंज कसते हुए इसे बीजेपी का पहला मॉडल करार दिया। इस बयान पर बिहार सरकार के मंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता दिलीप जायसवाल ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने अनंत सिंह का समर्थन करते हुए कहा कि वह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और संविधान के दायरे में रहकर अपने क्षेत्र की जनता के बीच जा रहे हैं।
जायसवाल ने RJD पर हमला बोलते हुए कहा, RJD को अपनी काली करतूतों के कारण अगले 100 साल तक मुंह दिखाने लायक नहीं रहना चाहिए। उनके किए का हिसाब जनता ले रही है। 100 साल बाद जब दूध मिलेगा तभी RJD को धोया जा सकेगा, तब तक उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए।
राहुल गांधी पर बहिष्कृत नेता होने का आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी पर भी दिलीप जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी को बहिष्कृत नेता बताते हुए कहा कि वह राजनीति को बदनाम कर रहे हैं और अब तक अपरिपक्व हैं। जायसवाल के अनुसार, देश विरोधी ताकतों की भाषा बोलना राहुल गांधी की पहचान बन गई है, जिसके कारण खुद उनकी पार्टी के नेता भी उनसे नफरत करने लगे हैं।
चिराग का बयान और वैश्विक परिदृश्य
चिराग पासवान द्वारा आगामी मुख्यमंत्री का चेहरा तय होने वाले बयान पर मंत्री ने कहा कि वह एनडीए के बड़े नेता हैं, शायद उन्हें केंद्रीय स्तर पर ऐसी कोई जानकारी मिली होगी। वहीं, इजरायल-ईरान युद्ध पर उन्होंने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि दुनिया भारत को विश्व गुरु के रूप में देख रही है और ब्रिक्स के माध्यम से मोदी जी इस युद्ध को रोकने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

