पटना। बिहार की राजधानी में एक युवती के साथ धोखे और यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाली 26 वर्षीय युवती ने अपने 6 साल पुराने बॉयफ्रेंड पर नशीला पदार्थ पिलाकर गलत काम करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​होटल बुलाकर पिलाई शराब

​घटना 13 मार्च की है। आरोपी अभिजीत (28) ने युवती को शास्त्रीनगर स्थित OYO होटल P. SHAHI के कमरा नंबर 103 में मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां अभिजीत ने युवती को शराब पिलाई, जिससे वह अर्धविक्षिप्त अवस्था में आ गई। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कृत्य के बाद आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर दूसरे कमरे में चला गया। करीब 2 घंटे बाद जब युवती को होश आया, तो उसने तुरंत डायल-112 पर फोन कर मदद मांगी।

​पुलिस के पहुंचते ही आरोपी हुआ रफूचक्कर

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम होटल पहुंची, लेकिन पुलिस की आहट पाकर अभिजीत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता को रेस्क्यू कर थाने पहुंचाया। पीड़िता ने बताया कि वह उस समय काफी डरी हुई थी, जिसके कारण उसने तुरंत बयान दर्ज नहीं कराया। 15 मार्च को आवेदन देने के बाद, 23 मार्च को उसने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर अपना आधिकारिक बयान दर्ज कराया है।

​6 साल का अफेयर और लिव-इन का धोखा

​पीड़िता और औरंगाबाद निवासी अभिजीत की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी। दोनों पिछले 6 साल से प्रेम संबंध में थे और बीते 4 महीनों से पटना में लिव-इन पार्टनर के तौर पर रह रहे थे। युवती का आरोप है कि अभिजीत ने शादी का वादा कर लगातार उसका यौन शोषण किया। विवाद तब शुरू हुआ जब युवती को पता चला कि अभिजीत चोरी-छिपे कहीं और शादी करने की तैयारी कर रहा है।

​साजिश में दोस्त भी शामिल!

​युवती ने बताया कि 13 मार्च की रात साढ़े 9 बजे अभिजीत के दोस्त गुड्डू बाबा ने उसे होटल पहुंचाया था। वहां शादी की बात को लेकर दोनों के बीच काफी बहस भी हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।

​पुलिस की कार्रवाई और FSL जांच

​लॉ एंड ऑर्डर SDPO (2) साकेत कुमार के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को बुलाया गया है और होटल के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और सबूतों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।