आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने निलंबन वापस नहीं होने पर बजट सत्र के तीसरे दिन भी विधानसभा के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर निशाना साधा। मंगलवार को विधायकों ने पालम अग्निकांड का मुद्दा उठाते हुए रेखा गुप्ता सरकार को कटघरे में खड़ा किया। वहीं, बुधवार को गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की विदेश नीति को विफल बताते हुए तीखा हमला बोला। विधायकों का आरोप है कि सरकार जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन जारी रहेगा।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर पैदल मार्च निकाला। इस दौरान विधायकों ने हाथों में पम्पलेट्स लेकर ‘नरेंद्र मोदी हुए सरेंडर, गायब हुआ गैस सिलेंडर’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान आतिशी ने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगे सरेंडर कर दिया है, जिसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली समेत देशभर में गैस सिलेंडर की किल्लत है और लोग इसके लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।

गैस सिलेंडर किल्लत पर AAP का BJP पर तीखा हमला

प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर ‘56 इंच की छाती’ की बात करते हैं, लेकिन अब उन्होंने अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप के सामने सरेंडर कर दिया है। आतिशी के मुताबिक, इसका खामियाजा देश की जनता भुगत रही है और गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। आतिशी ने तंज कसते हुए कहा कि लोग अब पूछ रहे हैं कि ‘56 इंच की छाती’ वाले प्रधानमंत्री कहां हैं और आम जनता क्यों परेशान हो रही है।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा में बीजेपी ने होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन अब स्थिति यह है कि सिलेंडर ही उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “सिलेंडर गायब कर दो, तो सब कुछ अपने आप फ्री हो जाएगा।” इसके साथ ही आतिशी ने केंद्र सरकार को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के आगे नतमस्तक हो गए हैं। वहीं, उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भारी-भरकम बजट के बावजूद फायर विभाग तक को पर्याप्त संसाधन नहीं मिल पाए।

बिजली-पानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल

नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने राजधानी में आम जनता की समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आम लोग बीजेपी की सरकार से परेशान हैं। आतिशी के मुताबिक, एक आम परिवार को बिजली की जरूरत होती है, लेकिन पावर कट हो रहे हैं; पानी चाहिए होता है, लेकिन गंदा आ रहा है; सड़कें टूटी हुई हैं; पुलिस सुरक्षा पर्याप्त नहीं दे पा रही है; और अस्पतालों में जरूरी दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर चाहिए, जिसके लिए लोगों को दिनों-दिन लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा, “BJP की सरकार पूरी तरह फेल है और इसी विफलता की वजह से वह हमारे विधायकों को विधानसभा के अंदर नहीं जाने दे रही। उन्हें डर है कि यदि आम आदमी पार्टी के विधायक अंदर जाएंगे और आवाज उठाएंगे तो उनकी पोल खुलेगी। लेकिन हम यह पोल दिल्ली की सड़कों पर लगातार खोलते रहेंगे।”

नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने राजधानी में दिल्ली सरकार की योजनाओं और बजट को लेकर तीखा व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को पेश हुए बजट में भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिवाली और होली पर गैस सिलेंडर फ्री देने का जिक्र किया था। आतिशी ने कहा, “अब तो सब पूरा फ्री हो गया है और कोई भी सिलेंडर के लिए पैसा खर्च नहीं कर रहा। लोग इंडक्शन और लकड़ी खरीद रहे हैं, शादी-ब्याह हो रहा हो, वहां भी सिलेंडर फ्री हो गया। जब सिलेंडर ही उपलब्ध नहीं है तो खर्चा वैसे ही खत्म हो गया। इसी तरह बीजेपी वाले बिजली और पानी भी फ्री कर देंगे, क्योंकि सब कुछ मिलना ही बंद हो जाएगा।”

नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मंगलवार को पेश बजट और दिल्ली सरकार की नीतियों पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बजट में महिलाओं को 2,500 रुपए देने की बात कही गई है, लेकिन यह वादा केवल कागजों तक ही सीमित है और रुपए किसी के खाते में नहीं आए। आतिशी ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 फरवरी से पहले यह वादा किया था कि 8 मार्च 2025 तक दिल्ली की हर महिला के खाते में 2,500 रुपए आएंगे। लेकिन 8 मार्च 2025 तो छोड़िए, 8 मार्च 2026 तक भी किसी महिला के खाते में यह रकम नहीं पहुंची।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को मिलने वाली फ्री बस यात्रा में भी अब समस्याएं आ रही हैं। पिंक कार्ड वितरण में दिक्कतें हैं, मोहल्ला क्लीनिक जहां फ्री इलाज मिल रहा था, वे बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा, अस्पतालों में दवाइयां नहीं मिल रही हैं और पानी की आपूर्ति गंदा है। आतिशी के अनुसार यह सारी विफलताएं आम जनता, खासकर महिलाओं के जीवन पर गंभीर असर डाल रही हैं और इन्हें सार्वजनिक मंच पर उजागर किया जाना जरूरी है।

नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि आम आदमी पार्टी के विधायक विधानसभा से बाहर रखकर उनकी आवाज दबा सकते हैं। आतिशी ने कहा, “हम आम आदमी पार्टी के विधायक हैं, अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। सदन के अंदर और सड़क पर हम दिल्ली वालों के हक की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने हमारे नेताओं को जेल में भी डाला, फिर भी हमें डराया नहीं जा सका और चुप नहीं कराया जा सका।” उन्होंने दिल्ली में एक परिवार के नौ लोगों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि इस पर भी बीजेपी सरकार मौन रही, लेकिन दिल्ली की जनता इसका जवाब देगी। आतिशी ने कहा, “धोखे से 27 साल बाद सरकार बना ली, अब 100 साल तक इनकी सरकार नहीं बनेगी।”

संजीव झा ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

AAP के विधायक संजय झा ने राजधानी में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्र की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे देश में तबाही मची हुई है और लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। संजय झा के अनुसार, “आज देश के लोगों की केवल एक गलती है कि उन्होंने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना। प्रधानमंत्री की गलत कूटनीति, गलत नीतियों और अमेरिका तथा डोनाल्ड ट्रंप के सामने सरेंडर होने के कारण लोगों को गैस नहीं मिल रही। लोग तपती धूप में लंबी-लंबी कतारों में खड़े हैं, भटक रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहे।” उन्होंने आगे कहा कि मजदूरों के लिए स्थिति कोरोना महामारी के समय से भी ज्यादा खराब है, लेकिन केंद्र सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है और लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।

AAP विधायक संजय झा ने दिल्ली विधानसभा में बीजेपी सरकार और कैबिनेट पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि “सरकार और कैबिनेट खीर खा रही हैं, लेकिन दिल्ली की जनता के पास खीर पकाने के लिए गैस सिलेंडर तक नहीं है। सदन के अंदर हमें मुद्दे उठाने के लिए नहीं जाने दिया जा रहा। अगर सरकार हमें सदन में दिल्ली और देश के मुद्दे नहीं बोलने देगी, तो हम इन्हें सड़क पर उठाएंगे।” संजय झा ने बताया कि सत्र के पहले ही दिन नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने स्पीकर से पार्टी के चारों विधायकों का निलंबन वापस करने का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक उनका निलंबन वापस नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “यह देश में पहली बार हुआ कि विधायकों को न केवल सदन से निकाला गया बल्कि पूरे परिसर से बाहर कर दिया गया और 70 विधायकों के व्हाट्सएप ग्रुप से भी निकाल दिया गया।”

विधायक ने स्पीकर पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सदन चलाने की जिम्मेदारी स्पीकर की होती है, लेकिन उन्होंने विपक्ष और पक्ष दोनों को कभी बुलाकर सहमति नहीं बनाई। इसके बजाय स्पीकर विपक्ष के नेताओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, उन्हें जलील कर रहे हैं और दिल्ली की जनता की आवाज दबा रहे हैं। संजीव झा ने चेतावनी दी कि जब तक निलंबन वापस नहीं होगा, वे सदन में प्रवेश नहीं करेंगे।

जनता के मुद्दों पर चर्चा से बच रही सरकार-कुलदीप कुमार

AAP के विधायक कुलदीप कुमार ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में आम जनता गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि रामनवमी के अवसर पर लोगों को भंडारे करने हैं और घरों में व्रत का खाना बनाना है, लेकिन गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। “दिल्ली में सिलेंडर 5–6 हजार रुपए में मिल रहा है और लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं,” उन्होंने बताया।

विधायक ने कहा कि विधानसभा सदन दो करोड़ दिल्लीवासियों के मुद्दों पर चर्चा के लिए बनी है, लेकिन बीजेपी सरकार वहां जनता के मुद्दों पर बात करने नहीं दे रही। उन्होंने पालम हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि नौ लोगों की मौत सरकारी लापरवाही के कारण हुई, लेकिन सरकार इस पर भी चर्चा से भाग रही है। कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि बीजेपी केवल विधायकों को सदन से बाहर करने पर ध्यान दे रही है, जबकि जनता का भला सीवर, बिजली, पानी और गैस सिलेंडर जैसी समस्याओं पर चर्चा से होगा। उन्होंने कहा, “बीजेपी सरकार गैस की किल्लत और कालाबाजारी पर चर्चा करे।”

AAP विधायक कुलदीप कुमार ने दिल्ली में बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “बीजेपी ने कैग-कैग करके दिल्ली में सरकार बना ली, लेकिन इसका जवाब आम आदमी पार्टी ने नहीं, बल्कि कोर्ट ने दिया। कोर्ट ने उनकी सीबीआई की चार्जशीट को ट्रायल के लायक भी नहीं माना और खारिज कर दिया। अगर बीजेपी को अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी का सर्टिफिकेट चाहिए, तो कैग से नहीं बल्कि कोर्ट से लें।”

कुलदीप कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार से आगाह किया कि अब उन्हें गैस की किल्लत और एलपीजी सिलेंडर की समस्याओं पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बजट पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “सरकार का बजट हवा-हवाई और खोखला है। इसमें जनता के हित की कोई बात नहीं है। मुख्यमंत्री के एक लाख करोड़ रुपए के बजट का क्या फायदा, जब नौ लोगों की जान बचाने के लिए फायर विभाग के पास एक सीढ़ी तक नहीं है। ऐसी सरकार पर धिक्कार है।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m