अशोक कुमार जायसवाल, मुगलसराय. पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और धनबाद जंक्शन के बीच हाई स्पीड ट्रेन का ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है. इस परीक्षण के दौरान एक विशेष ट्रेन ने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की. यह ट्रायल भारतीय रेलवे के ‘मिशन रफ्तार’ के तहत आयोजित किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य ट्रेनों की गति और परिचालन क्षमता में वृद्धि करना है. इस सफल परीक्षण ने पूर्व मध्य रेल की तकनीकी दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है.

इसे भी पढ़ें- ‘अनावश्यक रूप से लाइन लगाने की जरूरत नहीं…’, सीएम योगी का बड़ा बयान, कहा- प्रदेश में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

बता दें कि हावड़ा-दिल्ली ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड के इस महत्वपूर्ण सेक्शन पर 412 किलोमीटर ट्रैक पर फेंसिंग का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है. यह फेंसिंग हाई स्पीड संचालन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए की गई है. इसके अतिरिक्त, सुरक्षा को और सुदृढ़ करने हेतु आधुनिक ‘कवच’ सिस्टम स्थापित करने का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है. इस हाई स्पीड ट्रायल का नेतृत्व हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने किया. उनके मार्गदर्शन में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में यह परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

इसे भी पढ़ें- देख लो ‘जीरो टॉलरेंस’..! कार में खींचकर महिला सिपाही से रेप की कोशिश, UP में जब पुलिस ही सेफ नहीं तो आम जनता क्या होगा?

महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने इस ट्रायल को एक बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन का सफल संचालन यह प्रमाणित करता है कि रेलवे की तकनीकी तैयारियां मजबूत हैं. उनके अनुसार, इससे यात्रियों को भविष्य में तेज, सुरक्षित और बेहतर रेल सेवा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हुआ है. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस सफलता के बाद इस रूट पर भविष्य में तेज रफ्तार ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं और प्रबल हो गई हैं. इससे यात्रियों का सफर पहले से अधिक तेज और सुरक्षित हो सकेगा.