परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में लोकायुक्त टीम ने आज शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पोहरी के प्रभारी आरआई (राजस्व निरीक्षक) को दो हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित उनके निवास पर की गई। आरोपी किसान से नक्शा सुधार के नाम पर रिश्वत मांग रहा था, जिसकी शिकायत के बाद लोकायुक्त ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप किया। 

जानकारी के अनुसार, पोहरी तहसील के मचकला गांव निवासी किसान ब्रखभान धाकड़ ने ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। किसान का आरोप था कि उसकी जमीन के नक्शे में गड़बड़ी हो गई थी, जिसे ठीक कराने के लिए उसने एसडीएम कार्यालय पोहरी में आवेदन किया था। एसडीएम न्यायालय से फाइल पोहरी तहसील पहुंचने पर प्रभारी आरआई देवेंद्र जैन ने नक्शा सुधार के लिए 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। अधिकारी के रवैये से परेशान होकर किसान ने लोकायुक्त में शिकायत की। 24 मार्च को जब आरोपी ने दोबारा रिश्वत की मांग की, तो किसान ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली और उसे लोकायुक्त टीम को सौंप दिया।

लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। किसान आज 2 हजार रुपए लेकर आरोपी आरआई के सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित घर पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m