अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मांझर कुंड पहाड़ी पर शनिवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दरअसल युवक का शव एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया और उसे पेट्रोल छिड़क कर जलाने की भी कोशिश की गई थी। वहीं स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधजला मिला पेड़ से लटका शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक का अधजला शव पहाड़ी इलाके में एक पेड़ से लटका हुआ था। आशंका है कि युवक की गला दबाकर हत्या के बाद शव को एक पेड़ से लटका दिया गया और फिर पेट्रोल छिड़क कर उसमें आग लगा दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला हत्या से जुड़ा है और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया है। इधर मांझर कुंड जैसे प्रसिद्ध पर्यटक स्थल के समीप हुई इस घटना से स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों के बीच डर का माहौल है और पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पहचान में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची दरिगांव थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है और पहचान के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी रिपोर्ट को खंगाल जा रहा है। वहीं सदर अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि एक अधजला शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था और रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
मामले में सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत होता है और एफएसएल टीम को बुलाकर घटना स्थल से कई सबूत जुटाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि फॉरेंसिक टीम के अनुसार शव को जलाया नहीं गया है, बल्कि तीन चार दिन बीत जाने के कारण बाडी डीकंपोज्ड हो रही है। डीएसपी के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करा कर पहचान के लिए सदर अस्पताल स्थित शीत गृह में रखा गया है और आगे की कार्रवाई चल रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

