मोतिहारी। शहर में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्यार और प्रतिशोध के जुनून में बीए की एक छात्रा सीरियल किलर बन गई। आरोपी शिल्पी कुमारी ने अपने प्रेम प्रसंग में बाधा बनने वालों को रास्ते से हटाने के लिए न केवल अपने प्रेमी के दादा को जिंदा जला दिया, बल्कि एक पांच साल की मासूम बच्ची की भी नृशंस हत्या कर दी। वह हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए धार्मिक अनुष्ठान और तंत्र-मंत्र का सहारा लेती थी।
प्रतिशोध की आग और पहली हत्या
शिल्पी का गांव के ही नीतीश से प्रेम संबंध था, जिसका विरोध दोनों परिवारों ने किया। जब रिश्ता टूट गया, तो शिल्पी ने अपनों से ही बदला लेने की ठानी। मई 2025 में उसने नीतीश के दादा राम अयोध्या को उस समय जिंदा जला दिया जब वे सो रहे थे। शातिर शिल्पी ने इसे हादसे का रूप दिया और पुलिस तक केवल सनहा (शिकायत) ही पहुंच पाया।
मासूम अंशिका की हत्या और साजिश
हत्याओं का यह सिलसिला तब खुला जब 22 मार्च 2026 को पांच वर्षीय अंशिका का शव खेत में मिला। 20 मार्च को आंधी-बारिश का फायदा उठाकर शिल्पी ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर खेत में बुलाया और चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के तुरंत बाद वह गांव के महायज्ञ में शामिल होकर आहुति देने लगी ताकि किसी को शक न हो।
साजिश का डिजिटल जाल
शिल्पी ने इस हत्या के लिए महीनों पहले से प्लानिंग की थी। उसने चोरी के मोबाइल से अंशिका की आवाज में ऑडियो रिकॉर्ड कराया, जिसमें बच्ची अपनी बड़ी मां पर प्रताड़ना का आरोप लगा रही थी। उसका मकसद हत्या का इल्जाम बड़ी मां पर मढ़ना था। उसने अपनी भाभी की बहन के फोन से ऑनलाइन चाकू मंगवाया और साक्ष्य मिटाने के लिए घटनास्थल पर एक बिना खून वाला नकली चाकू छोड़ दिया।
18 वारदातों का कबूलनामा
पुलिस जांच (FSL और डॉग स्क्वॉड) में जब शिल्पी को हिरासत में लिया गया, तो उसने 18 आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने अपनी मां का गला दबाने और भतीजे को जलाने की कोशिश भी की थी। गांव वाले इन घटनाओं को जिन्न का साया मान रहे थे, जबकि शिल्पी ओझा-गुणी के पास जाने का नाटक कर सबको गुमराह कर रही थी। फिलहाल, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त असली चाकू और मोबाइल बरामद कर आरोपी छात्रा को जेल भेज दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

