विजय कुमार, जमुई। जिले के झाझा थाना क्षेत्र में आज मंगलवार को नागी डैम में पिता-पुत्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। देखते ही देखते डैम के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय तौराकों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान बाराजोर गांव निवासी मो. तौफीक उमर (30 वर्ष) और उसके एकलौते पुत्र मो. अरहान गाजी (4 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बाराजोर सहित आसपास के गांवों से रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई।
बेटे के साथ रोज टहलने जाता था तौफीक
परिजनों के मुताबिक तौफीक रोजाना अपने बेटे को लेकर चारगछवा इलाके में सुबह टहलने जाता था। मंगलवार को भी वह सुबह करीब 7 बजे बाइक से पुत्र को लेकर निकला, लेकिन दो घंटे तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण खोजबीन करते हुए नागी डैम पहुंचे, जहां एक छोर पर खड़ी बाइक दिखाई दी। पास जाकर देखने पर बाइक तौफीक की निकली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बीपीएससी शिक्षक था तौफीक
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कराया, जो डैम के पास मिली। पुलिस टीम ने स्थानीय तैराकों को तलाशी के लिए पानी में उतारा। कुछ देर बाद दोनों के शव डैम में दबे हुए मिले, जिन्हें बाहर निकाला गया।
तौफीक पेशे से शिक्षक था और 2025 में बीपीएससी के माध्यम से नियुक्ति के बाद हाल ही में टहवा बलियाडीह स्थित उर्दू विद्यालय में पदस्थापित हुआ था।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार तौफीक का पुत्र बोल नहीं सकता था और घर का इकलौता बेटा था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की बात कही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें- सहरसा में DRDA निदेशक वैभव कुमार के कई ठिकानों पर EOU की छापेमारी, 7 घंटे तक चली रेड में जानें क्या कुछ निकला?
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

