नई दिल्ली। नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ बुधवार से देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स की नई दरें लागू हो गई हैं। National Highways Authority of India (एनएचएआई) के अनुसार, यह वृद्धि हर साल की तरह नियमित प्रक्रिया के तहत की गई है। नई दरों के लागू होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी और उससे सटे इलाकों के टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को अब पहले से अधिक भुगतान करना होगा। हालांकि, एनएचएआई ने इसे मामूली बढ़ोतरी बताया है। प्राधिकरण के मुताबिक, 1 अप्रैल से लागू नई दरों के तहत निजी वाहनों के लिए टोल शुल्क में करीब 5 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

द्वारका एक्सप्रेस बिजवासन टोल

नए वित्त वर्ष के साथ टोल दरों में हुई बढ़ोतरी का असर अब राजधानी के प्रमुख मार्गों पर भी दिखने लगा है। National Highways Authority of India (एनएचएआई) द्वारा संशोधित दरों के तहत द्वारका एक्सप्रेस स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को अब अधिक शुल्क चुकाना होगा। नई दरों के अनुसार, निजी वाहन चालकों को एक तरफ की यात्रा के लिए 225 रुपये टोल देना होगा, जो पहले 220 रुपये था यानी इसमें 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

वहीं, एक ही दिन में आने-जाने (रिटर्न) पर अब 340 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अलावा, मासिक पास के लिए पहले 7,360 रुपये के बजाय अब 7,550 रुपये चुकाने होंगे। इसी तरह, हल्के व्यावसायिक वाहनों (LCV) के लिए भी टोल दरों में इजाफा किया गया है। अब इन्हें एक तरफ की यात्रा के लिए 365 रुपये देने होंगे, जो पहले 355 रुपये थे।

UIR-2 मुंडका-बक्करवाला टोल

राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल दरों में वार्षिक बढ़ोतरी का असर अब Urban Extension Road-II (UER-II) पर भी दिखाई दे रहा है। National Highways Authority of India (एनएचएआई) द्वारा लागू नई दरों के तहत मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को अब अधिक शुल्क चुकाना होगा। नई दरों के अनुसार, कार, जीप और वैन से एक तरफ की यात्रा के लिए 230 रुपये टोल देना होगा, जो पहले 225 रुपये था यानी 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, एक ही दिन में आने-जाने (रिटर्न) के लिए अब 350 रुपये चुकाने होंगे, जो पहले 345 रुपये था। इसके अलावा, 50 एकल यात्राओं वाले मासिक पास की कीमत भी बढ़ा दी गई है। अब इसके लिए 7,730 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 7,540 रुपये था।

बदरपुर टोल

टोल दरों में हुई बढ़ोतरी का असर Mathura Road पर स्थित बदरपुर टोल प्लाजा पर भी देखने को मिला है। एनएचएआई द्वारा जारी नई दरें लागू हो गई हैं। नई दरों के अनुसार, कार और जीप से एक तरफ की यात्रा के लिए अब 35 रुपये टोल देना होगा, जो पहले 34 रुपये था यानी इसमें 1 रुपये की मामूली बढ़ोतरी की गई है। वहीं, एक ही दिन में आने-जाने (रिटर्न) के लिए अब 55 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 50 रुपये था। इसके अलावा, मासिक पास की कीमत भी बढ़ाई गई है। अब वाहन चालकों को 1,110 रुपये देने होंगे, जो पहले 1,009 रुपये थी।

NH-48 का खेड़की दौला टोल

नई दरों के अनुसार, निजी वाहनों के लिए एक तरफ की यात्रा का टोल अब 100 रुपये कर दिया गया है, जो पहले 95 रुपये था यानी 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, एक ही दिन में आने-जाने (रिटर्न) के लिए अब 150 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 145 रुपये था। मासिक पास की दरों में भी इजाफा किया गया है। अब निजी वाहन चालकों को 3,320 रुपये चुकाने होंगे, जो पहले 3,240 रुपये था। इसके अलावा, व्यावसायिक वाहनों के लिए भी नई दरें लागू की गई हैं- एक तरफ की यात्रा: 160 रुपये दोनों तरफ (रिटर्न): 240 रुपये एनएचएआई के अनुसार, यह बढ़ोतरी वार्षिक संशोधन प्रक्रिया का हिस्सा है। हालांकि वृद्धि सीमित है, लेकिन रोजाना इस मार्ग पर सफर करने वालों के खर्च में इसका असर जरूर पड़ेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m