कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले की पुलिस ने लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो राहगीरों से सोना लूटकर उसे गलाने और बेचने का काम करते थे। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से 7 मोबाइल फोन, एक अपाचे मोटरसाइकिल और सवा 15 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया है।

​चेकिंग के दौरान धरे गए अपराधी

​मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 1 अप्रैल की रात ब्रह्मपुरा थाना पुलिस चांदनी चौक के पास संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।

​पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

​पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित कुमार (सीतामढ़ी), नवनीत कुमार (शेखपुरा ढाब) और कुंदन कुमार (कांटी) के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ के दौरान इन्होंने स्वीकार किया कि वे लूट का सोना अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित जय मां वैष्णो ज्वेलर्स में बेचते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर ज्वेलर्स के मालिक कृष्ण कुमार और लूट की सेटिंग कराने वाले शंभू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

​ज्वेलरी दुकान सील, कानूनी कार्रवाई तेज

​नगर एसडीपीओ-2 विनीत सिन्हा के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी के बाद अहियापुर थाना पुलिस ने संबंधित ज्वेलरी दुकान को सील कर दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ ब्रह्मपुरा थाना और सदर थाना में पहले से ही मामले दर्ज हैं। यह गिरोह लूट के गहनों को गलाकर उनकी पहचान मिटाने के बाद बाजार में खपा देता था।
​इस सफल अभियान में ब्रह्मपुरा और अहियापुर थाना के पुलिस पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य संपर्कों और पुराने मामलों की गहनता से जांच कर रही है।