समस्तीपुर। जिले के मोरवा में भगवान हनुमान की प्रतिमा स्थापना के लिए निकाले गए जुलूस पर हमला हो गया। यह जुलूस हरसिंहपुर गांव से मोरवा मंदिर की ओर जा रहा था। जैसे ही जुलूस मोरवा खेदूंटांड के पास पहुंचा, घात लगाए हमलावरों ने तलवारों से हमला कर दिया। इस घटना में सोनी मिश्रा (38), उनका पुत्र निशांत कुमार (22) और 10 वर्षीय भतीजा सार्थक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
पीड़ित परिवार के अनुसार, इस हमले के पीछे साल 2025 की एक पुरानी रंजिश है। दरअसल, 12 जुलाई 2025 को गांव में एक 17 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ था, जिसमें सोनी मिश्रा के ससुर कृष्ण मुरारी मिश्रा को संदिग्ध मानकर जेल भेजा गया था। इसी विवाद के कारण सोनी मिश्रा का परिवार डर के साये में गांव से बाहर रह रहा था। शुक्रवार को जब वे अपने मायके की ओर से आयोजित जुलूस में शामिल हुए, तो दूसरे पक्ष ने उन्हें देखते ही निशाना बनाया।
बीच-बचाव करने पर पूरे परिवार को काटा
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ितों के बयान के मुताबिक, हमलावरों (घंटी राय और उनके बेटों) ने सबसे पहले निशांत पर तलवार से वार किया। जब छोटा बच्चा सार्थक और सोनी मिश्रा बीच-बचाव करने आए, तो अपराधियों ने उन पर भी रहम नहीं किया। सोनी और निशांत के सिर पर गहरे जख्म हैं, जबकि बच्चे का पैर तलवार से कट गया है। चीख-पुकार सुनकर जुलूस में शामिल लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज और पुलिस की कार्रवाई
घायलों का इलाज सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टर जीवछ कुमार की देखरेख में चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों के सिर में कई टांके लगे हैं और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीटी स्कैन व एक्सरे कराया जा रहा है। इधर, नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस टीम को फर्द बयान दर्ज करने के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

