कुंदन कुमार/पटना। शहर के इनकम टैक्स गोलंबर पर आज सियासत का पारा चढ़ा रहा। बिहार में गहराते गैस संकट और बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन केवल नारों तक सीमित नहीं रहा बल्कि इसमें लोकगीतों और प्रतीकों के जरिए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला गया।
महंगाई डायन के गीतों से गूंजा गोलंबर
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ढोल-मंजीरे लेकर सड़क पर ही बैठ गए। मशहूर फिल्मी गीत महंगाई डायन खाए जात है गाकर कार्यकर्ताओं ने वर्तमान आर्थिक स्थिति पर तंज कसा। महिलाओं ने गैस सिलेंडरों को सड़क पर रखकर उन्हें माला पहनाई और चूल्हा जलाकर यह संदेश दिया कि सिलेंडर अब आम आदमी की पहुंच से बाहर होकर शोपीस बन चुका है।
LPG का नया मतलब: ले पाओगे?
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को महंगाई का राक्षस करार दिया। उन्होंने एलपीजी (LPG) की नई परिभाषा गढ़ते हुए कहा, पहले इसका मतलब लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस होता था लेकिन अब इसका मतलब ले पाओगे? हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों को ठग रही है और वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बिजली दरों और खोखले वादों पर वार
राजेश राम ने 1 अप्रैल से बिहार में बिजली दरों में होने वाली बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को घेरा। प्रदर्शनकारियों के हाथों में खाली सिलेंडर-खोखले वादे लिखे पोस्टर थे। बीजेपी हटाओ-देश बचाओ के नारों के साथ कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया कि वे महंगाई के मुद्दे पर पीछे हटने वाले नहीं हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

