कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें पुलिस का भी खौफ नहीं रहा। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर ओपी अंतर्गत बालूघाट का है जहां मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने पूर्व वार्ड पार्षद विकास साहनी को अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने सरेराह रिवाल्वर की नोक पर विकास साहनी के गले से करीब 50 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

​भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात

​घटना उस समय हुई जब पूर्व वार्ड पार्षद विकास साहनी अखाड़ाघाट सब्जी मंडी से अपना काम निपटाकर बालूघाट स्थित अपने आवास लौट रहे थे। घर के समीप ही मोटरसाइकिल पर सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने रिवाल्वर तान दी और पलक झपकते ही उनके गले से सोने की चेन खींच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से सिकंदरपुर थाना की दूरी बेहद कम है।

​लोकप्रिय समाजसेवी को बनाया निशाना

​विकास साहनी क्षेत्र में एक सक्रिय समाजसेवी खेल प्रेमी और शिक्षा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। पिछले 15 वर्षों से वह यह भारी सोने की चेन पहन रहे थे। क्षेत्र के युवाओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय विकास साहनी को इस तरह टारगेट करना स्थानीय लोगों के लिए गहरे आश्चर्य और चिंता का विषय बना हुआ है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पुलिसिया इकबाल पर सवाल उठाए।

​पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज

​सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाना प्रभारी दुखी महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल की पहचान हो गई है, जिसका नंबर 7697 स्पष्ट दिख रहा है। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर रही है। दावा किया जा रहा है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया जाएगा।