Shreyas Iyer Fined: आईपीएल 2026 में अपना दूसरा मैच जीतने वाली पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक्शन लिया है. कप्तान अय्यर से एक जैसी गलती 2 बार हुई. उन पर लाखों का जुर्माना लगाया गया है.

Shreyas Iyer Fined: पंजाब किंग्स टीम ने जहां से आईपीएल 2025 खत्म किया था, वहीं से आईपीएल 2026 का आगाज किया है. वो पिछले सीजन धमाकेदार प्रदर्शन के साथ फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन इस खिताब जंग में उसे आरसीबी ने हरा दिया था. अब ये टीम 19वें सीजन के पहले दोनों मैच जीत चुकी है. एक तरफ जहां टीम दोनों मैच जीती है, तो वहीं दूसरी तरफ सरपंच साहब यानी कप्तान श्रेयस अय्यर से दोनों मैचों में एक जैसी गलती हुई, जिसकी सजा उन्हें भुगतनी पड़ी है.

पंजाब के कप्तान अय्यर को दोनों मुकाबलों में BCCI की ओर से सजा भी मिली है. पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जब वो तय समय के भीतर 20 ओवर नहीं डलवा पाए थे, तो उन पर 12 लाख का जुर्माना लगा था और फिर दूसरे मैच में चेन्नई के खिलाफ भी यही गलती हुई. इस बार उन पर 24 लाख का तगड़ा जुर्माना लगा है. साथ ही पंजाब की पूरी टीम पर भी जुर्माना लगा, जिसमें प्लेयर ऑफ द मैच रहे प्रियांश आर्या भी शामिल हैं. इसका मतलब ये है कि अय्यर को छोड़कर प्रियांश आर्या समेत पंजाब के बाकी 11 खिलाड़ियों पर 6 लाख रुपये या मैच फीस का 25 फीसदी (जो भी कम हो) जुर्माना लगा है.

तीसरी गलती हुई तो लगेगा बैन

अय्यर दोनों मैचों में एक ही गलती कर बैठे. वो दोनों ही दफा तय समय के भीतर अपने गेंदबाजों से 20 ओवर पूरे नहीं कर सके. इसलिए उन पर बैक टू बैक जुर्माना ठोका गया है. पहले दोनों मैचों में इस गलती के लिए अब तक उन पर कुल 36 लाख रुपए का नुकसान हो चुका है. अब अगर एक मैच में और श्रेयस अय्यर स्लो ओवर रेट के दोषी पाए जाते हैं, तो उन पर एक IPL मैच का बैन और 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है.

किस नियम के तहत BCCI ने लिया एक्शन?

3 अप्रैल को चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब के बीच मैच हुआ. CSK ने जीत के लिए 210 रनों का टारगेट दिया था, जिसे पंजाब ने 19वें ओवर में हासिल कर लिया. मैच खत्म होने के बाद आईपीएल की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि अय्यर पर कुल 24 लाख रुपये का जुर्माना लगा है. उन्हें ये जुर्माना IPL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के उल्लंघन के कारण लगाया गया है, जो स्लो ओवर रेट से जुड़ा है. अय्यर का इस सीजन में ये लगातार दूसरा उल्लंघन था, इसलिए उन पर दोगुना जुर्माना लगाया गया.

पंजाब अब किन टीमों से भिड़ेगी?

पंजाब किंग्स इस बार खिताब जीतने की दावेदार टीम दिख रही है. उसने दोनों मैच जीते हैं. पहले गुजरात को 3 विकेट से हराया था. फिर चेन्नई को 5 विकेट से मात दी. अब वो तीसरा मैच 12 अप्रैल को केकेआर के खिलाफ ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेलेगी. इसके बाद 16 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से वानखेड़े में दिलचस्प भिड़ंत तय है. फिर 19 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच होगा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m