नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का जल्द ही पूरी तरह से कायाकल्प होने जा रहा है। स्टेशन का पुनर्विकास हवाईअड्डे की तर्ज पर किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव मिल सके। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पूरा ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया गया है और अब इसके काम को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार, स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिसमें बेहतर वेटिंग एरिया, अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, स्मार्ट एंट्री-एग्जिट सिस्टम और साफ-सुथरा इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास तेजी से प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के साथ-साथ स्टेशन को आधुनिक और सुरक्षित बनाना है। इस योजना के तहत स्टेशन के बाहरी और आंतरिक दोनों ढांचे को अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यह परियोजना रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) और भारतीय रेलवे के संयुक्त प्रयास से लागू की जा रही है। इसके तहत स्टेशन को एक विश्वस्तरीय मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब में बदला जाएगा। स्टेशन पर इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर सुरक्षा और निगरानी तक हर व्यवस्था को हाईटेक बनाया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिसमें एआई आधारित कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी शामिल होगी। स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों को विशेष जैकेट और आईडी कार्ड दिए जाएंगे, ताकि उनकी पहचान स्पष्ट रहे और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके। इसके साथ ही बिना टिकट यात्रियों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।

1500 AI कैमरे से होगी सुरक्षा सख्त

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि स्टेशन पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि स्टेशन पर करीब 1500 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरे लगाए जाएंगे, जो हर कोने पर नजर रखेंगे। ये कैमरे अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में सक्षम होंगे। रेल मंत्री ने इसे आसान शब्दों में समझाते हुए कहा कि “कैमरे सिस्टम की आंखें होंगे और एआई उसका दिमाग”, यानी निगरानी सिर्फ रिकॉर्डिंग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्मार्ट तरीके से संभावित खतरे की पहचान भी करेगी।

पहचान व्यवस्था को किया जाएगा मजबूत

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के साथ सुरक्षा और पहचान व्यवस्था को भी पूरी तरह हाईटेक और व्यवस्थित बनाया जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि स्टेशन पर कार्यरत सभी कर्मचारियों और वेंडरों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए QR कोड आधारित कलर-कोडेड आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के कर्मचारियों के लिए अलग-अलग रंग की जैकेट तय की गई है। रेलवे कर्मचारियों को फ्लोरोसेंट जैकेट पहनना अनिवार्य होगा, ठेके पर काम करने वाले कर्मचारी, विक्रेता, कुली, सफाई कर्मचारी और आईआरसीटीसी स्टाफ को अलग-अलग रंग की जैकेट दी जाएगी  इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी व्यक्ति की पहचान तुरंत कर सकें। इससे स्टेशन परिसर में अनधिकृत गतिविधियों पर रोक लगाने में भी मदद मिलेगी।

प्रवेश व्यवस्था QR कोड आधारित होगी

रेलवे की योजना के अनुसार, स्टेशन पर QR कोड आधारित एंट्री सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे केवल वैध टिकट वाले यात्रियों को ही प्रवेश मिल सकेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य अनावश्यक भीड़ को कम करना और सुरक्षा को और मजबूत करना है। नई प्रणाली के तहत यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था की जाएगी. आरक्षित टिकट वाले यात्री, अनारक्षित टिकट वाले यात्री, मासिक सीजन टिकट (MST) धारक इन सभी के लिए अलग एंट्री चैनल बनाए जाएंगे, जिससे भीड़ प्रबंधन बेहतर तरीके से हो सके। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी। ये जवान स्टेशन परिसर में चौकसी बढ़ाएंगे और बिना टिकट यात्रियों पर विशेष नजर रखेंगे, ताकि भीड़ का अनावश्यक दबाव न बढ़े।

RailOne एप से जुड़ेगी भारत टैक्सी सेवा

रेलवे की योजना है कि RailOne ऐप को भारत टैक्सी सेवा से जोड़ा जाएगा, ताकि यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलते ही आसानी से टैक्सी और कैब की सुविधा मिल सके। इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा का अनुभव अधिक सहज होगा। इसके साथ ही स्टेशन पर सूचना तंत्र को मजबूत किया जाएगा। यात्रियों को अब रियल-टाइम ट्रेन स्टेटस की सटीक जानकारी मिल सकेगी, जिससे प्लेटफॉर्म बदलने या देरी जैसी स्थितियों में भ्रम की स्थिति नहीं बनेगी। योजना के तहत स्टेशन परिसर में नए और स्पष्ट साइनेज भी लगाए जाएंगे। ये साइनेज यात्रियों को प्लेटफॉर्म, एंट्री-एग्जिट, वेटिंग एरिया और अन्य सुविधाओं तक आसानी से पहुंचने में मदद करेंगे।

तेजी से विकास कार्य करने के निर्देश

रेल बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी संबंधित एजेंसियों को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी ने बताया कि मंत्री खुद इस परियोजना की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वे नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं और ग्राउंड जीरो पर जाकर स्थिति का मुआयना भी कर रहे हैं, ताकि योजना समय पर पूरी हो सके।

रेलवे के मुताबिक, स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर दिए गए अधिकांश निर्देश अगले 3 से 5 महीनों में लागू कर दिए जाएंगे। इसमें एआई आधारित निगरानी, QR कोड एंट्री सिस्टम, कलर-कोडेड आईडी और बढ़ी हुई सुरक्षा तैनाती जैसे उपाय शामिल हैं। अधिकारी ने कहा कि इन सभी सुधारों के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन न केवल पहले से ज्यादा सुरक्षित होगा, बल्कि यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक, आधुनिक और व्यवस्थित भी बन जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m