भागलपुर। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत बाखरपुर के मोहनपुर मधुबन दियारा इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खेत से नाबालिग लड़की का शव बरामद किया गया। मृतका के गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि गला घोंटकर उसकी हत्या की गई और फिर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसे 5 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया।
खेत की दरारों ने खोला राज
घटना का खुलासा रविवार शाम को हुआ। सोनूटोला के पास एक खेत की मिट्टी में असामान्य दरारें देखकर ग्रामीणों को किसी अनहोनी का शक हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार और थानाध्यक्ष नागेंद्र राम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी मशीन मंगवाई। खुदाई के दौरान एक नाबालिग लड़की का शव मिला, जिसे बेहद ही सुनियोजित तरीके से दफनाया गया था।
ऑनर किलिंग और सामूहिक संलिप्तता का शक
पुलिस की प्राथमिक जांच ‘ऑनर किलिंग’ (इज्जत की खातिर हत्या) और दुष्कर्म के बाद हत्या जैसे बिंदुओं पर टिकी है। थानाध्यक्ष नागेंद्र राम के अनुसार, जिस तरह से 4 फीट चौड़ा, 6 फीट लंबा और 5 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है, उसमें कुदाल के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि इतना बड़ा गड्ढा किसी एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है; इसमें कम से कम 4 से 5 लोग शामिल रहे होंगे। आशंका यह भी है कि हत्या कहीं और की गई और सुनसान दियारा इलाका होने के कारण शव को यहां लाकर ठिकाने लगाया गया।
पहचान छिपाने की कोशिश, FSL ने जुटाए सबूत
शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है, जिस कारण वह गलने लगा था। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद अब तक लड़की की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस की कार्रवाई और सोशल मीडिया का सहारा
सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि शव की तस्वीर को जिले के सभी थानों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में साझा किया गया है ताकि मृतका की पहचान हो सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या पिछले एक सप्ताह में आसपास के इलाकों से किसी लड़की के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

