अलीगढ़. अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में पुलिस ने दबिश दी. यहां चेकिंग के दौरान टीम को हॉस्टल रूम से कारतूस, मैगजीन और नकली नोट मिले हैं. ये सारे सामान छात्र शहबाज के कमरे से मिले हैं. शहबाज के नाम की 2 अलग-अलग 10वीं की मार्कशीट भी मिली मिली है. साथ ही 2 अलग-अलग नामांकन पत्र भी बरामद हुए हैं. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी शहबाज फरार हो गया था. FM टॉवर इलाके में फायरिंग मामले में पुलिस ने ये कार्रवाई की है. पुलिस ने सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. ये पूरा मामला AMU के एसजैड हॉल का बताया जा रहा है.

पुलिस ने जांच के बाद छात्र के कमरे को सील कर दिया गया है. वहीं फायरिंग की घटना में एक अन्य छात्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे एफएम टॉवर के पास गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर बुजुर्ग शाहिद अली का एएमयू छात्र और उसके दोस्तों से झगड़ा हो गया था. जिसके बाद बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई थी. सूचना पर पहुंची नगला पटवारी पुलिस को देख हमलावर पक्ष भाग गया.

इसे भी पढ़ें : भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह का एक्सीडेंट, गंगा एक्सप्रेसवे पर बैरिकेड से टकराई कार, एयरबैग खुलने से बची जान

पुलिस के मुताबिक इस वारदात में एएमयू के सुलेमान हॉल में रह रहे अशरफ, एफएम टावर निवासी फैसल, मोहम्मद साकिब समेत आधा दर्जन साथी शामिल थे. एएमयू छात्रों के गुट ने मंगलवार तड़के 4:30 बजे फिर थाना क्वार्सी इलाके में आशियाना ग्रीन सोसाइटी के बाहर हमला कर दिया और शाहिद अली के मकान पर फायरिंग की. इस मामले में पुलिस ने अपनी ओर से मामला दर्ज किया है. पूछताछ और सीसीटीवी की मदद से एक अन्य आरोपी की पहचान एएमयू में एमसीए द्वितीय वर्ष के छात्र शहबाज उर्फ छोटू के रूप में हुई. जो कि शहंशाहबाद का रहने वाला है, वह एएमयू के एसजैड हॉल में अवैध रूप से रहता है. इस जानकारी पर दोपहर में पुलिस ने एएमयू प्रॉक्टर टीम को साथ लेकर एसजैड हॉल में दबिश देकर कार्रवाई की.