अनूप दुबे, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में चौकी प्रभारी और ग्रामीणों के बीच सड़क पर हुई झूमाझपटी और गाली-गलौज का मामला तूल पकड़ चुका है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनय विश्वकर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी को पद से हटा दिया है। ​यह पूरी घटना रविवार की रात बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत खितौली चौकी की है।

जानकारी के मुताबिक, चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल जब केवलारी ग्राम से गुजर रहे थे, तब उन्होंने सड़क किनारे कुछ लोगों को शराब पीते हुए देखा। पुलिस के अनुसार, जब उन्होंने ग्रामीणों को सार्वजनिक स्थान पर शराब न पीने की समझाइश दी, तो विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। ​घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बिना वर्दी के पुलिस अधिकारी और ग्रामीण आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं।

चौकी प्रभारी ने दी ये सफाई

वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की साफ देखी जा सकती है। ​इस मामले मे चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने कहा ‘​मैं भोजन करके वापस चौकी लौट रहा था, तभी केवलारी ग्राम में कुछ लोग सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे। मैंने उतरकर उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब न पीने की हिदायत दी, लेकिन नशे की हालत में उन्होंने अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। मैंने किसी के साथ मारपीट नहीं की है।’

​पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई और जांच के आदेश

​वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग ने इसे अनुशासनहीनता और कानून व्यवस्था के लिहाज से गंभीर माना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने तत्काल प्रभाव से चौकी प्रभारी को हटा कर कुठला थाने में पदस्थ किया है। घटना के हर पहलुओं पर जांच की जा रही है, जो भी तत्व सामने आएंगे उसे आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m