अजय सैनी,भिवानी । हरियाणा के बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स शुक्रवार को भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर भिवानी पहुंचे। इस दौरान एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बीजेपी सरकार की नीतियों पर तीखे प्रहार किए और किसानों के मुद्दे उठाए।

जानबूझकर सरकार किसान को कर रही परेशान

विधायक कुलदीप वत्स ने मंडियों में लागू किए गए नए नियमों पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि ये नियम पूरी तरह किसान विरोधी हैं और सरकार जानबूझकर किसानों को परेशान करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियां कृषि जगत के हित में नहीं हैं।

महिला आरक्षण बिल पर प्रतिक्रिया

महिला आरक्षण बिल पर प्रतिक्रिया देते हुए वत्स ने कहा कि इसकी शुरुआत कांग्रेस ने की थी, जिसे बीजेपी ने अब नए नाम से पेश किया है। खुद पर दर्ज हालिया एफआईआर के मामले में उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। उन्होंने मामले की सच्चाई के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने समाज में अपनी पहचान मजबूत करने और जागरूक रहने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम के दौरान जिला शहरी अध्यक्ष प्रदीप जोगी और ईश्वर शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।