अजय सैनी,भिवानी। हरियाणा के भिवानी में सरसों के अनुचित भंडारण और मार्केट फीस की चोरी करने वालों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबू लाल करवा के निर्देश पर मार्केट कमेटी ने जिले के 12 तेल मिलों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 12 हजार क्विंटल से अधिक अनाधिकृत सरसों का स्टॉक बरामद किया गया।

मार्केट कमेटी के सचिव देवेंद्र ढुल ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले इन उद्योगों पर कुल 8,03,291 रुपये की मार्केट फीस और पेनल्टी लगाई गई है। डीसी साहिल गुप्ता के आदेशानुसार जिले की सभी मंडियों में अवैध स्टॉक को रोकने के लिए विशेष निगरानी टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मार्केट फीस चोरी रोकने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल केवल अधिकृत मंडियों में ही बेचें और बिक्री के बाद जे-फॉर्म जरूर लें। इससे सरकारी राजस्व की सुरक्षा होगी और किसान किसी भी तरह की आर्थिक धोखाधड़ी से बच सकेंगे।