नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro Rail Corporation) ने ब्लू लाइन पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम सूचना जारी की है। डीएमआरसी के मुताबिक, ट्रैक के निर्धारित रखरखाव कार्य के चलते रविवार, 19 अप्रैल की सुबह मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहेंगी। यह मेंटेनेंस कार्य इंद्रप्रस्थ (Indraprastha Metro Station) और सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशनों (Supreme Court Metro Station) के बीच किया जाएगा। इस दौरान ब्लू लाइन (लाइन 3 और लाइन 4) पर ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। डीएमआरसी के अनुसार, इस अवधि में कुछ ट्रेनों की आवृत्ति कम हो सकती है, वहीं कुछ सेवाएं आंशिक रूप से संचालित की जाएंगी। इसका असर खासतौर पर सुबह के समय यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर से पहले मेट्रो की अपडेटेड जानकारी जरूर चेक करें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

इस बदलाव का असर लाइन 3 और लाइन 4 पर यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। डीएमआरसी के अनुसार, संशोधित समय के तहत अलग-अलग स्टेशनों से पहली ट्रेन के प्रस्थान का समय इस प्रकार रहेगा वैशाली से द्वारका सेक्टर-21 के लिए पहली ट्रेन सुबह 6:05 बजे रवाना होगी। लक्ष्मी नगर से द्वारका सेक्टर-21 के लिए सेवा सुबह 6:21 बजे शुरू होगी। यमुना बैंक से द्वारका सेक्टर-21 के लिए पहली ट्रेन सुबह 5:50 बजे चलेगी। गौरतलब है कि इंद्रप्रस्थ और सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशनों  के बीच ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के कारण यह बदलाव किया गया है।

द्वारका से नोएडा की ओर कोई बदलाव नहीं

डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि द्वारका से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा व वैशाली की ओर जाने वाली ट्रेनों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। Delhi Metro Blue Line पर सामान्य सेवाएं सुबह 6:30 बजे के बाद पूरी तरह बहाल हो जाएंगी। डीएमआरसी ने रविवार सुबह यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे इस अस्थायी बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और घर से थोड़ा पहले निकलें। साथ ही, यात्रियों को स्टेशनों पर की जा रही घोषणाओं का पालन करने की भी सलाह दी गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m