हिसार। हरियाणा के हिसार में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने को लेकर विवाद गहरा गया है। दुष्यंत चौटाला ने हिसार के अर्बन एस्टेट थाने में सीआईए इंचार्ज पवन कुमार और एसपी सिक्योरिटी इंचार्ज अमरजीत के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सब्जी मंडी पुल के पास सीआईए इंचार्ज ने उनकी गाड़ी के आगे वाहन अड़ाकर हथियार दिखाया और उन्हें कुचलने की कोशिश की। इस मामले को लेकर दुष्यंत ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बुलाई है।

पुलिस ने इन आरोपों को किया खारिज

दूसरी तरफ पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। सीआईए इंचार्ज पवन कुमार ने भी दुष्यंत और उनके भाई दिग्विजय चौटाला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि दुष्यंत की गाड़ी का ड्राइवर खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था और रोकने पर दिग्विजय चौटाला ने पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की की। इस पूरे हाईप्रोफाइल मामले की जांच डीएसपी कवलजीत को सौंप दी गई है।

छह नेताओं की जमानत याचिका पर आज फैसला

इस बीच हिसार की सुमित कुमार कोर्ट में जजपा के छह नेताओं की जमानत याचिका पर आज फैसला होना है। इन नेताओं को गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में हुए हंगामे और वीसी ऑफिस का गेट तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र संवाद कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी।