नवोदित, कुरुक्षेत्र। हरियाणा की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) कुरुक्षेत्र एक बार फिर चर्चा में आ गई है। यहां दो दिन पहले सामने आया बीटेक स्टूडेंट दीक्षा दूबे (19) के सुसाइड का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि शुक्रवार की देर रात एक और छात्रा ने सुसाइड की कोशिश की।

स्टूडेंट्स के मुताबिक, यह छात्रा एनआईटी में साइंस स्ट्रीम से बीटेक कर रही है। वह देर रात हॉस्टल की 5वीं मंजिल पर गई और वहांसे छलांग लगाने की कोशिश की। मगर, ऐन वक्त पर कुछ स्टूडेंट वहां पहुंच गए और छात्रा को बचा लिया। घटना के बाद NIT में हड़कंप मच गया।

NIT प्रशासन, DSP हेडक्वार्टर, SHO केयूके मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही NIT प्रशासन, DSP हेडक्वार्टर, SHO केयूके और चौकी इंचार्ज थर्ड गेट मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। साथ ही छात्रा को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

दो दिन पहले एक छात्रा ने किया था सुसाइड

बता दें कि दो दिन पहले ही बीटेक की छात्रा दीक्षा दूबे (19) ने भी कमरे में बंद होकर सुसाइड कर लिया था। दीक्षा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस स्ट्रीम से बीटेक कर रही थी और बिहार की रहने वाली थी। उसकी मौत के बाद रात भर कॉलेज में हंगामा हुआ था, जिसके बाद एनआईटी प्रशासन ने छुट्टियां घोषित कर दी हैं।

महाराष्ट्र की रहने वाली फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट

पुलिस के मुताबिक, छात्रा मूल रूप से महाराष्ट्र के भौसरे की रहने वाली है। वह NIT में कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम से बीटेक फर्स्ट ईयर में पढ़ रही है। वर्तमान में वह भागीरथी गर्ल्स हॉस्टल के सी-ब्लॉक में रहती है।

हॉस्टल की 5वीं मंजिल से कूदने का प्रयास

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे छात्रा ने सुसाइड की कोशिश की। वह कल्पना चावला हॉस्टल की 5वीं मंजिल पर गई और वहां से कूदना चाहा, लेकिन उसे साथ वाले स्टूडेंट्स ने पकड़ लिया और बचा लिया। इसके बाद पुलिस और कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई।