० 22 निजी कंपनियां नौकरी देने पहुंची,विभिन्न कॉलेजों की 600 बेटियों ने दिए साक्षात्कार
अजय सैनी, भिवानी। निजी क्षेत्र में जब भी रोजगार की बात होती है तो बेटियों की बजाए बेटे ज्यादा सक्रिय नजर आते है। समाज की इसी मानसिकता को बदलने व बेटियों को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भिवानी के चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के तहत आने वाले आदर्श महिला महाविद्यालय में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 22 कंपनियों ने बेटियों को रोजगार के लिए साक्षात्कार लेकर उन्हे रोजगार उपलब्ध कराया। इस रोजगार मेले में चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय से जुड़े हुए विभिन्न कॉलेजों की 600 बेटियों ने हिस्सा लिया। यह मेला अपने आप में अनोखा इसीलिए भी रहा कि इस मेले में बेटियों को निजी क्षेत्र में नौकरियां देने का अवसर प्रदान किया गया। साक्षात्कार से दो दिन पहले जिन बेटियों ने पंजीकरण कराया था, उन्हे बकायदा साक्षात्कार व स्किल संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि बेटियां आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
हर सेक्टर की 22 कंपनियां पहुंची मेले में
इस बारे में जानकारी देते हुए मेगा रोजगार मेले की कोर्डिनेटर गायित्री आर्य, मेगा फाउंडेशन के कोर्डिनेटर डा. रजत श्रीवास्तव व महाविद्यालय प्राचार्या डा. अल्का मित्तल ने बताया कि मेगा रोजगार मेले में कंप्यूटर, डिजिटल मार्केटिंग, सेल्स, बैंकिंग, फॉर्मा, एआई, वस्त्र उद्योग, ऑटो मोबाईल से जुड़ी 22 कंपनियों ने भाग लिया। इसके लिए 600 के लगभग शिक्षित बेटियों ने अपने साक्षात्कार दिए। चुने गए प्रतिभागियों को 15 हजार से लेकर 40 हजार रूपये तक के जॉब ऑफर किए गए, जिन्हे कंपनी नॉम्र्स के अनुसार लाभ व भत्ते भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न कॉलेजों में पढ़ रही छात्राओं के अलावा यहां से पासआउट हो चुकी रोजगार मेले में अपने साक्षात्कार दिए। इस मेगा रोजगार मेले से पहले दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी लगाया गया। जिसमें बेटियों को साक्षात्कार देते समय ध्यान रखे जाने वाले बिंदुओं बारे प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही निजी कंपनियों के वर्क कल्चर को भी इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से समझाया गया। इसके साथ ही जो पैरेंटस बेटियों को शहर से बाहर या निजी कंपनियों में नौकरी के लिए भेजने में हैजीटेट करते है, उनके लिए भी विशेष काउंसलिंग सैशन चलाया गया।
हाथों हाथ मिला अच्छा पैकेज
वही रोजगार मेले में इंटरव्यू के बाद छात्रा सिमरन व कोमल ने बताया कि उन्होंने आज अपनी योग्यता के अनुरूप पंजीकरण उपरांत निजी कंपनियों को अपना साक्षात्कार दिया है। उनका इंटरव्यू अच्छा हुआ है। उन्हे 40 हजार रूपये मासिक वेतन का ऑफर दिया गया है तथा कंपनी से पहले नौकरी से पहले प्रशिक्षण देने का कांटे्रक्ट भी साईन करवाया है।

