नवीन शर्मा ,हांसी। हांसी प्रथम पंचायत समिति की हाउस बैठक शुक्रवार को भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक के दौरान करीब 15.57 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के बिलों को लेकर समिति सदस्यों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए, जिसके चलते बैठक को बीच में ही स्थगित करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन शीला देवी द्वारा की जा रही थी, जबकि खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) अशोक मेहरा भी मौजूद थे। बैठक में विकास कार्यों के बिलों की मंजूरी, जीडी-पीडी कार्यों की स्वीकृति और कार्यालय के खर्चों को अनुमोदित किया जाना था।

पंचायत समिति सदस्यों ने बिलों पर जताई आपत्ति
जैसे ही पुराने बिलों के भुगतान का मुद्दा चर्चा में आया, कई पंचायत समिति सदस्यों ने बिलों पर आपत्ति जतानी शुरू कर दी। वाइस चेयरमैन सोमबीर महला सहित अन्य सदस्यों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं रही है और कई जगहों पर काम हुए बिना ही भुगतान दिखाया गया है।

बिलों की मंजूरी के एजेंडे पर सदस्यों में नहीं बानी सहमति, बैठक स्थगित
आरोपों के बीच माहौल इतना गरमा गया कि बैठक में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। सदस्यों के बीच आपसी विवाद बढ़ने पर स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया।इस संबंध में बीडीपीओ अशोक मेहरा ने बताया कि बैठक का कोरम पूरा होने के बाद कार्यवाही शुरू की गई थी, लेकिन बिलों की मंजूरी के एजेंडे पर सदस्यों में सहमति नहीं बन पाई। आपसी विवाद बढ़ने के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा।

गौरतलब है कि हांसी जिला बनने के बाद यह पहली बार है जब पंचायत समिति की बैठक इस तरह हंगामे के कारण रद्द करनी पड़ी है।