नवीन शर्मा हांसी। सीबीएसई द्वारा घोषित 10वीं के परीक्षा परिणाम में हांसी के आरपीएस स्कूल गढ़ी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल के 67 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
इस शानदार सफलता के बाद स्कूल परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। स्कूल प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ढोल-नगाड़ों के साथ बच्चों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राएं और शिक्षक खुशी से झूमते और नाचते नजर आए। सभी सफल विद्यार्थियों को फूल-मालाओं से सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
ज्यादातर बच्चे ग्रामीण क्षेत्रों के
बताया जा रहा है कि इस उपलब्धि को हासिल करने वाले अधिकांश छात्र-छात्राएं ग्रामीण क्षेत्र से संबंध रखते हैं। खास बात यह रही कि सफल विद्यार्थियों में छात्राओं की संख्या अधिक रही, जो लगातार शिक्षा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
स्कूल की प्रिंसिपल एकता सचदेवा ने बताया कि सीबीएसई के परिणाम में 67 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।

हांसी जिले को किया गौरवांवित
वहीं, स्कूल डायरेक्टर संदीप देशवाल ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बच्चों की इस उपलब्धि से पूरे हांसी जिले को गर्व महसूस हो रहा है।
यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और यह अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

