कुंदन कुमार, पटना। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पास नहीं होने पर विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस, TMC, समाजवादी पार्टी ने महिलाओं का हक मारा है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि, इन पार्टियों की नीति है कि अपनी बहन, बेटी, पत्नी सांसद विधायक बने। लेकिन देश की अन्य महिलाओं को उनका हक ना मिले। इसलिए विपक्ष ने बिल पारित नहीं होने दिया।

सीएम सम्राट पर तेजस्वी का तंज

सीएम सम्राट चौधरी के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। तेजस्वी यादव ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री तो बन गए हैं, लेकिन उनकी समझ में ये बिल नहीं आया। महिलाओं के आड़ में यह लोग डीलिमिटेशन करना चाह रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने सवाल करते हुए कहा कि, सम्राट चौधरी जी से पूछिए 3 साल से बिल पास हो गया था, तो राष्ट्रपति से साइन क्यों नहीं करवा लिए? इंप्लीमेंट क्यों नहीं किया गया? नेता प्रतिपक्ष ने फिर दोहराते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री तो बन गए हैं, लेकिन अब करेंगे क्या? गुजराती भाई जो कहेंगे, वही तो करेंगे।

बिहार चलाने PMO से आ रहे लोग- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि, बिहार को चलाने के लिए PMO से लोग आ रहे हैं। जो दो लोग (पीएम मोदी और अमित शाह) चाहेंगे वही होगा। उन्होंने कहा कि, लोकसभा चुनाव हो या फिर विधानसभा चुनाव…सबसे ज्यादा महिलाओं को टिकट हमने दिया। बीजेपी में गए लोग किसको मानने वाले हैं? तेजस्वी ने कहा कि, RSS के लोग महिलाओं से पैर धुलवाते हैं। महिला आरक्षण को लेकर कोई भी विरोध नहीं है। यह तो डीलिमिटेशन को लेकर बात हो रही है। उन्होंने कहा कि, हम तो कहते हैं, महिलाओं का 50% आरक्षण कर दीजिए।

बीजेपी को बताया कम्युनल पार्टी

वहीं, जब उनसे यह पूछा गया कि निशांत कुमार ने कहा है ट्रिपल C (Corruption, Crime, Communalism) से समझौता वह नहीं करेंगे। इस,पर तेजस्वी यादव ने कहा कि ट्रिपल सी से तो समझौता नीतीश जी ने भी कर लिया। उन्होंने कहा कि, यूपी और बिहार में सबसे ज्यादा क्राइम रेट है। वहीं, बीजेपी को उन्होंने कम्युनल पार्टी बताया।

ये भी पढ़ें- ‘विपक्ष ने मारा महिलाओं का हक’, CM सम्राट का बड़ा बयान, बोले- अगर महिला आरक्षण बिल पास होता तो आज…