नवीन शर्मा, हांसी (हिसार): हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश (जेपी) ने रविवार को अपने हांसी दौरे के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष, दोनों को अपने तीखे कटाक्षों के घेरे में ले लिया। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने हरियाणा की वर्तमान राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए। सांसद ने प्रदेश में तेजी से पनप रही अवैध कॉलोनियों के मुद्दे को उठाते हुए सीधे तौर पर सरकार की नीयत को कठघरे में खड़ा किया और कहा कि आज प्रदेश में हालात ऐसे बन चुके हैं मानो जनता की चुनी हुई सरकार के बजाय ‘कॉलोनाइजरों की सरकार’ सत्ता चला रही हो।

भाजपा विधायक पर साधा निशाना

इस दौरान जेपी के निशाने पर मुख्य रूप से हांसी के भाजपा विधायक विनोद भयाना रहे। उन पर करारा हमला बोलते हुए सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कॉलोनियां काटना व्यापारियों का पेशा है, जनसेवा के लिए चुने गए नेताओं का नहीं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की व्यापारिक लिप्तता को जनता के साथ बड़ा धोखा करार दिया। केवल स्थानीय विधायक ही नहीं, बल्कि पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के विवादित बयानों पर भी उन्होंने चुटकी लेने से गुरेज़ नहीं किया। कैप्टन अभिमन्यु के सोने का अंडा देने वाली मुर्गी’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने हास्य और तंज के लहजे में कहा कि अंडे मुर्गी या मोरनी देती है, इंसान नहीं; ऐसे बेतुके बयानों का मकसद केवल असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना है।

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सांसद ने ऑनलाइन प्रणाली और मंडियों की अव्यवस्था को उजागर किया। उन्होंने सरकार के विरोधाभास को रेखांकित करते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा नेता बारिश से गेहूं का वजन बढ़ने का तर्क देते हैं, तो दूसरी तरफ मंडियों में नमी का बहाना बनाकर खरीद को लटकाया जा रहा है, जिससे किसान भुगतान के लिए हफ्तों भटकने को मजबूर है। महिला आरक्षण पर भी उन्होंने सरकार की मंशा को संदिग्ध बताते हुए कहा कि 2023 में बिल पास होने के बावजूद इसे लागू न करना केवल महिलाओं को गुमराह करने का एक चुनावी पैंतरा मात्र है।

इनेलो और जेजेपी पर निशाना साधा

अंत में, विपक्षी दलों इनेलो और जेजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने इनेलो को भाजपा की ‘बी-टीम’ करार दिया। अभय चौटाला की शब्दावली पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने इसे जंगली भाषा की संज्ञा दी और कहा कि ऐसी भाषा राजनीति की गरिमा के खिलाफ है। वहीं जेजेपी के वायरल वीडियो और भाजपा के ‘झूठे पर्चे’ दर्ज करने की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए जेपी ने साफ किया कि जनता अब इन राजनीतिक ‘ठगों’ की असलियत पहचान चुकी है।