अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले के कहलगांव में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां गंगा की लहरों के बीच घूमने आए दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना कहलगांव के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘तीन पहाड़ी’ के समीप स्थित एक टापू पर घटी। मृतकों की पहचान मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर निवासी रौनक कुमार और शिवम राज के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हवेली खड़गपुर से तीन दोस्त कहलगांव की वादियों और गंगा के बीच स्थित तीन पहाड़ी की सुंदरता देखने आए थे। घूमने के दौरान तीनों दोस्त पास के ही एक टापू पर गंगा स्नान करने लगे। इसी बीच अचानक गहरे पानी में पैर फिसल जाने के कारण दो युवक अनियंत्रित होकर डूबने लगे। तीसरे दोस्त ने बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते दोनों युवक गहरे पानी में समा गए।
पुलिस और SDRF की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और कहलगांव थाना पुलिस को सूचित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF की टीम को बुलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने दोनों युवकों के शवों को बरामद कर लिया। कहलगांव थाना प्रभारी श्यामला कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतकों की उम्र 15 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। जैसे ही हादसे की खबर हवेली खड़गपुर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर के चिरागों के असमय बुझ जाने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

