पटना। राजधानी में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र की धनजी कॉलोनी में स्थित ‘श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स’ में पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए। वारदात के दौरान अपराधियों ने न केवल दुकानदार और ग्राहकों को बंधक बनाया, बल्कि विरोध करने पर दुकानदार के साथ हिंसक मारपीट भी की।
हथियार लहराते हुए आए और बना लिया बंधक
पीड़ित दुकानदार धनंजय कुमार ने बताया कि वे अपनी दुकान में तीन ग्राहकों के साथ मौजूद थे, तभी दो बाइकों पर सवार पांच नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। सभी ने हेलमेट पहन रखा था ताकि पहचान छुपाई जा सके। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने पिस्टल तान दी और सभी को जान से मारने की धमकी देकर एक कोने में बैठने पर मजबूर कर दिया। जब धनंजय ने विरोध करने की कोशिश की, तो एक अपराधी ने पिस्टल के बट से उनके सिर पर प्रहार कर उन्हें लहुलुहान कर दिया।
3 किलो चांदी और सोना लेकर हुए फरार
लुटेरों ने बड़ी इत्मीनान से दुकान को खंगाला और वहां रखे कीमती आभूषणों को बटोर लिया। दुकानदार के अनुसार, अपराधी लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात और 3 किलो चांदी लेकर चंपत हो गए। बाजार में इनकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
24 घंटे में खुलासे का पुलिस का दावा
सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर पुलिस और सदर एसडीपीओ रंजन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है कि तीन अपराधी दुकान के भीतर घुसे थे, जबकि दो बाहर निगरानी कर रहे थे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि अगले 24 घंटों के भीतर मामले का खुलासा कर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

