अनूप दुबे, कटनी। एमपी के कटनी जिले के से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां शारीरिक संबंध बनाने का झांसा देकर एक युवक को बुलाना और फिर उसकी चाकू व डंडों से गोदकर हत्या करने के मामले में पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने 48 घंटे में हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक महिला, उसके पति और भाई को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला एन.के.जे. थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर का है।

​जानकारी के मुताबिक, बीती 17 अप्रैल 2026 को डायल-112 को सूचना मिली थी कि प्रेमनगर काली मंदिर के पास एक अज्ञात युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रदीप साहू (23 वर्ष), निवासी पहरिया (बड़वारा) के रूप में हुई, जो पेशे से फोटोग्राफर था।

​साजिश के तहत हनीट्रैप में फंसाया

​थाना प्रभारी रूपेंद्र सिंह ने बताया कि जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि प्रदीप साहू को प्रेमनगर निवासी शिवानी जायसवाल ने फोन कर शारीरिक संबंध बनाने का लालच देकर शीला यादव नामक महिला के घर बुलाया था। योजना के मुताबिक, जैसे ही प्रदीप कमरे में पहुंचा, शिवानी का पति विपिन दुबे और भाई मनीष जायसवाल वहां पहुंच गए।

​पैसे की मांग और बेरहमी से हत्या

​आरोपियों ने कमरे में घुसते ही प्रदीप को घेर लिया और उससे मोटी रकम की मांग करने लगे। जब प्रदीप ने पैसे देने से इनकार किया, तो तीनों ने पहले उसे लात-घूसों और डंडों से पीटा। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रदीप जान बचाने के लिए मकान से बाहर भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर जाकर सड़क पर गिर गया और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर से एफ.एस.एल. टीम को मौके पर बुलाया गया। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर पुलिस ने रविवार (19 अप्रैल) को घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। ​जिसमें पति ​विपिन दुबे (22), ​पत्नी शिवानी जायसवाल (22) और भाई ​मनीष जायसवाल (18) को गिरफ्तार किया गया। ​पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और डंडा बरामद कर लिया है। एन.के.जे. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1), 238(बी) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m