कुंदन कुमार, पटना। नीतीश कुमार के आवास एक अन्ने मार्ग पर आज सोमवार (20 अप्रैल) को जदयू विधायक दल की एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जदयू के सभी विधायक शामिल हुए। बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया गया है, जिसका मतलब है कि जदयू विधायक दल का नेता कौन होगा इसपर अंतिम फैसला नीतीश कुमार ही लेंगे।
विधायक दल नेता चुनने के लिए नीतीश अधिकृत
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राजसभा सांसद नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक समाप्त होने के बाद जदयू प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार ने बताया विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों ने यह फैसला लिया है कि नीतीश कुमार विधायक दल का नेता चुनेंगे, इस पद के लिए उनको अधिकृत किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि, नीतीश कुमार आने वाले दिनों में पार्टी की मजबूती और सरकार के द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा बिहार घूम-घूम कर करेंगे।
बैठक में नहीं शामिल हुए निशांत कुमार
बैठक के बाद नीतीश कुमार ने यह भरोसा दिलाया कि वे पूरे बिहार का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं व जनता से सीधा संवाद करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक और सामान्य है। चिंता की कोई बात नहीं है। वहीं, दूसरी ओर इस बैठक में निशांत को लेकर आने वाले भविष्य में राजनीति या वर्तमान में पार्टी में बड़े पद देने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। निशांत कुमार इस बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे।
‘नीतीश नहीं, तो निशांत चाहिए’

निशांत कुमार भले ही इस बैठक में शामिल नहीं हुए हों, लेकिन बैठक से पहले पोस्टर वार के जरिए के बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश की गई है। छात्र जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल की ओर से पटना की सड़कों पर लगाए गए पोस्टर में साफ तौर पर लिखा गया था कि जदयू दल का नेता ‘नीतीश नहीं, तो निशांत चाहिए’। पोस्टर में पूर्व सीएम नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ कई जदयू नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं, लेकिन सबसे ज्यादा फोकस निशांत कुमार पर है। साथ ही पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि “नीतीश जी का मिशन अधूरा, निशांत जी ही अब करेंगे पूरा”। पोस्टर में निशांत कुमार को “Future CM of Bihar” बताया गया है, जिससे साफ है कि समर्थक निशांत कुमार को बड़े राजनीतिक रोल में देखना चाहते हैं।
विजय चौधरी हो सकते हैं विधायक दल के नेता
मिली जानकारी के मुताबिक, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। मौजूदा सरकार में उन्हें जदयू की तरफ से नंबर-2 की भूमिका दी गई है, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत नजर आ रही है। गौरतलब है कि नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा जाने के बाद जदयू में विधायक दल के नेता का पद खाली हुआ है। जदयू की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें- ‘बंगाल चुनाव में ममता को मिलेगी करारी हार’, उपेंद्र कुशवाहा ने बताई यह बड़ी वजह
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

