पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है जहां कच्चा काबड़ी फाटक स्थित एक कंपनी में सोमवार सुबह एक लापरवाह पिकअप ड्राइवर ने डेढ़ साल की मासूम बच्ची को अपनी गाड़ी से कुचल दिया।

खेलते-खेलते मौत के आगोश में समाई दुआ

गंगाराम कॉलोनी के रहने वाले मोहम्मद उवैस की सबसे छोटी बेटी दुआ अपनी मां के साथ कंपनी गई थी। सुबह करीब 10 बजे जब मां अपना काम कर रही थी, तभी पास में खेल रही मासूम दुआ को एक पिकअप ड्राइवर ने लापरवाही तरीके से गाड़ी बैक करते समय कुचल डाला।

पुलिस ने फरार ड्राइवर के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्राइवर ने पीछे खड़े बच्चे को देखे बिना ही गाड़ी को तेज रफ्तार में बैक किया जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कंपनी परिसर में कोहराम मच गया और आरोपी ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

आरोपी की पहचान

थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा और ड्राइवरों की बड़ी लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।