रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी स्थित भैरू चौक पर बदमाशों ने एक ज्वेलरी शोरूम में फिल्मी अंदाज में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।

जैनी ज्वेलर्स नामक दुकान पर शनिवार दोपहर बाइक सवार दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे और महज दस मिनट के भीतर करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गए।

बदमाशों ने पहले 450 रुपये का ताबीज खरीदा और फिर टॉप्स दिखाने के बहाने संचालक का ध्यान भटकाकर बॉक्स से करीब 60 ग्राम सोने के जेवर बड़ी चालाकी से चुरा लिए। वारदात का खुलासा रविवार शाम को हुआ जब दूसरे ग्राहक को सामान दिखाने के लिए बॉक्स खोला गया तो उसमें से कीमती आभूषण गायब मिले।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई शातिर बदमाशों की करतूत

दुकान संचालक सौरभजीत के अनुसार उनके पिता विजय जैन उस वक्त दुकान पर मौजूद थे जब इन शातिर चोरों ने अपना जाल बुना। सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर साफ दिखाई दिया कि आरोपियों ने किस तरह नजरें बचाकर गहने पार किए और फिर पसंद न आने का बहाना बनाकर वहां से भाग निकले।

पुलिस ने दर्ज किया केस

शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। व्यापारियों ने इस घटना के बाद बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।