करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के गोंदर गांव में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया है, जहां आठ महीने पहले जमानत पर बाहर आए युवक सूरज की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी कुलदीप ने पूछताछ में कबूला है कि उसने साल 2019 में हुई अपने भाई कपिल की हत्या का बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।
रिमांड पर खुलासा
निसिंग थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी कुलदीप के कब्जे से दो अवैध हथियार बरामद कर उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वारदात के दिन बाइक सवार तीन बदमाशों ने गांव की एक गली में सूरज को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग की थी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फरार साथियों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें
दरअसल इस रंजिश की जड़ें साल 2019 के एक पुराने झगड़े से जुड़ी हैं जिसमें सूरज नामजद आरोपी था और हाल ही में जेल से बाहर आया था। हत्या के बाद परिजनों ने कैथल रोड पर जाम लगाकर जमकर प्रदर्शन किया जिसे डीएसपी के दखल के बाद शांत कराया गया। फिलहाल एसपी करनाल के निर्देश पर सीआईए और पुलिस की पांच टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

